करनाल, 25 नवंबर:- सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश में 150 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी कड़ी में हरियाणा के नारायणगढ़ में नई चीनी मिल स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गन्ना किसानों को देश में सर्वाधिक दर 415 रुपये प्रति क्विंटल प्रदान की है। जल्द ही उनसे मुलाकात कर गन्ना किसानों के लिए नई प्रोत्साहन योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
मंगलवार को सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने करनाल सहकारी चीनी मिल के 50वें पेराई सीज़न तथा शाहबाद सहकारी चीनी मिल के 42वें पेराई सीज़न का ऑनलाइन शुभारंभ किया।
शाहबाद में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सांसद नवीन जिंदल और विधायक रामकरण काला, जबकि करनाल में चीफ व्हिप एवं इन्द्री विधायक रामकुमार कश्यप, शुगर फेडरेशन के एमडी शक्ति सिंह, मिल प्रबंधन एवं गन्ना किसान उपस्थित रहे।
डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे गन्ना किसानों का विशेष ध्यान रखें और यह सुनिश्चित करें कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों की सरकार है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक किसान हित हमेशा सर्वोपरि रखते हैं।
इस अवसर पर हरियाणा सहकारी चीनी मिल्स प्रसंघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि आज से पेराई सत्र आरंभ होना हर्ष का विषय है। उन्होंने कोविड-19 के समय भी निरंतर गन्ना आपूर्ति करने के लिए किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि करनाल शुगर मिल उन्नत तकनीकी सुविधाओं से लैस है और राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है। किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएँ प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
करनाल शुगर मिल की प्रबंध निदेशक अदिति ने 50वें पेराई सत्र के शुभारंभ पर सभी को बधाई दी और कहा कि मिल किसानों के साथ मिलकर और अधिक प्रगति की ओर अग्रसर होगी। उन्होंने किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कैप्टन शक्ति सिंह ने चीफ व्हिप एवं इन्द्री विधायक रामकुमार कश्यप को तथा प्रबंध निदेशक अदिति ने कैप्टन शक्ति सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
किसानों को किया सम्मानित
करनाल शुगर मिल द्वारा इस सत्र में सबसे पहले गन्ना लेकर आने वाले किसानों — जगमीत पुत्र जगमाल (गांव फूसगढ़), कौशल पुत्र बाबूराम (सदरपुर) और नरेश पुत्र कंवर पाल (सदरपुर) — को पुरस्कृत किया गया।
नई तकनीक से गन्ना उत्पादन करने वाले किसान जगमीत पुत्र जगमाल (फूसगढ़), बारूराम और रविदत्त को भी सम्मानित किया गया।
