चंडीगढ़, 23 जून - हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश अभूतपूर्व युग में प्रवेश कर चुका है। ये 11 वर्ष केवल शासन का कालखंड नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का कालखंड है, जिसमें भारत ने अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। 
खेल राज्य मंत्री आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर मानेसर में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पटौदी विधायक श्रीमती बिमला चौधरी मौजूद थीं। मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा ये चार स्तंभ मोदी सरकार के सुशासन के केन्द्र बिन्दु हैं। 
अन्तोदय उत्थान के लक्ष्य के साथ पिछले 11 वर्षों में 29 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। जल जीवन मिशन से 15 करोड़ ग्रामीणों के घरों में नल से जल पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत मातृभूमि की गरिमा को बनाए रखने के लिए देश खुले में शौच मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्णयों में दृढ़ता और राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है। चाहे वह मंजू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना हो, पुलवामा हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक हो या फिर हाल ही में चिनाब ब्रिज के जरिए कश्मीर घाटी को देश से जोड़ना हो, उनका हर फैसला नए भारत की पहचान है। 
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और निराशा का माहौल था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और विकास की गति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसका परिणाम है कि आज विश्व पटल पर भारत की मजबूत उपस्थिति है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान, मंगलयान और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने भारत को दुनिया की अग्रणी तकनीकी शक्ति बना दिया है। वर्ष 2014 में 10वें स्थान पर रहने वाली भारतीय अर्थव्यवस्था आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी तथा तीसरी सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गई है। 
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नारी शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा से शुरू हुआ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा निर्धारित लक्ष्यों के अंतर्गत इसके परिणाम इन्हीं सार्थक प्रयासों का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 490 थी, जो अब बढ़कर 1213 हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जहां देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, वहीं आज इनकी संख्या बढ़कर 160 हो गई है। 
पीएम गति शक्ति, भारतमाला तथा सागरमाला परियोजनाओं ने देश के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दी है। खेल राज्य मंत्री ने विकास की इस महत्वपूर्ण यात्रा में हरियाणा के योगदान को बताते हुए कहा कि किसानों के कल्याण, औद्योगिक निवेश, खिलाड़ियों की उपलब्धियों तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने में राज्य ने अग्रणी भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने हर बार हरियाणा को बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी है। यह देश की पहली सरकार है जिसने कौशल विकास की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए पलवल में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। 
खेल विभाग की तुलना करते हुए गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों (2004-2014) में खिलाड़ियों को केवल 38.45 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए, जबकि मौजूदा सरकार ने 2014 से 2024 तक खिलाड़ियों को 592.84 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। इससे पता चलता है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा की नायब सैनी सरकार खिलाड़ियों के उत्थान के लिए कितनी प्रतिबद्ध है।