स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पुतला फूंका

होशियारपुर- पंजाब के पानी में हरियाणा व केंद्र सरकार की दखलंदाजी तथा बीबीएमबी द्वारा राज्य के हितों की अनदेखी के खिलाफ आज शहर के बस स्टैंड के पास पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर केंद्र सरकार का पुतला फूंक कर रोष जताया गया।

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब के पास किसी अन्य राज्य को देने के लिए एक बूंद भी अतिरिक्त पानी नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पानी पर केवल पंजाब का ही अधिकार है तथा इसे जबरन अन्य राज्यों को देने का प्रयास कानूनी व नैतिक दोनों ही स्तरों पर गलत है। 
उन्होंने केंद्र सरकार पर बीबीएमबी जैसी संस्थाओं के माध्यम से पंजाब की आवाज को दबाने तथा राज्य को उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा व केंद्र सरकारों के माध्यम से पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रही है, बल्कि ज्यादती कर रही है।
 डॉ. रवजोत सिंह ने सवाल उठाया कि जब भाखड़ा और पौंग बांधों में पानी का स्तर पहले से ही बहुत कम है, तो हरियाणा की 8500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी की मांग कैसे पूरी की जा सकती है? उन्होंने कहा कि पंजाब पहले से ही स्वच्छ पेयजल की कमी से जूझ रहा है और नदियों में पानी का प्रवाह कम होने के कारण सिंचाई और पेयजल की समस्या गंभीर होती जा रही है। 
उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा को अवैध रूप से पानी देने के लिए पंजाब पर डाला जा रहा दबाव राज्यों के अधिकारों पर सीधा हमला है और इसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।