राज्य स्तरीय बीन प्रतियोगिता का आयोजन 2 सितंबर को कुरुक्षेत्र में
हांसी:– कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा द्वारा हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक लोक वाद्य बीन वादन कला को प्रोत्साहित एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय बीन दलों की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 2 सितंबर 2026 को प्रातः दस बजे मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर (हरियाणा कला परिषद), कुरुक्षेत्र में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से बीन वादन में दक्ष लोक कलाकारों के दल भाग लेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ हरियाणवी लोक संस्कृति और पारंपरिक वाद्य संगीत को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
प्रथम विजेता दल को 75 हजार रुपये का पुरस्कार
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रथम पुरस्कार के रूप में 75,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 60,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 50,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 05 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक विजेता दल को 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित मापदंड
विभाग द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभागिता के लिए कुछ आवश्यक मापदंड निर्धारित किए गए हैं। इनमें प्रतिभागियों का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा इसके प्रमाण के लिए प्रतिभागियों को अपना आधार कार्ड साथ लाना होगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार होना अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक दल में कम से कम 3 से 4 बीन वादकों का होना जरूरी है। प्रतिभागियों को अपनी प्रस्तुति हरियाणवी लोक परिधान में देनी होगी, ताकि प्रदेश की पारंपरिक लोक संस्कृति और वेशभूषा की झलक भी प्रस्तुति के माध्यम से देखने को मिले।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कलाकारों को यात्रा अथवा दैनिक भत्ता (टीए/डीए) प्रदान नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग ने प्रदेश के बीन वादन से जुड़े योग्य एवं इच्छुक लोक कलाकारों तथा दलों से अपील की है कि वे निर्धारित मापदंडों को पूरा करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर हरियाणा की समृद्ध लोक संगीत परंपरा को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।
