तीन गांवों के सरपंचों ने डॉ राहुल बुद्धिराजा को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित

हांसी:- हांसी जिले के पहले चीफ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) के रूप में नियुक्त डॉ. राहुल बुद्धिराजा का बुधवार को तीन गांवों के सरपंचों और मौजिज लोगों ने सम्मान किया। गांव रामायण, ढंढेरी और देपल से पहुंचे जन प्रतिनिधियों ने नागरिक अस्पताल हांसी में डॉ. बुद्धिराजा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान देपल गांव के सरपंच प्रतिनिधि मास्टर भूपेंद्र सिंह मलिक, ढंढेरी गांव के सरपंच संदीप मलिक, रामायण गांव के सरपंच अनिल टोनी तथा रामायण गांव के मौजिज व्यक्ति सुभाष भाकर ने डॉ. राहुल बुद्धिराजा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कहा कि हांसी को जिला बनने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. बुद्धिराजा के नेतृत्व में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में काम होगा।
डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने सम्मान के लिए सभी सरपंचों और ग्रामीण प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक बेहतर तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान नागरिक अस्पताल हांसी के एसएमओ डॉ. राजीव डाबला, डॉ. कामिंद मोंगा, डॉ. मोनिका शर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण प्रतिनिधियों ने डॉ. बुद्धिराजा के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।