ओवरलोड डंपरों पर एसडीएम का एक्शन चार वाहनों के काटे चालान
घरौंडा, 26 अगस्त:- घरौंडा शहर की सड़कों पर क्षमता से अधिक रेत भरकर दौड़ रहे वाहनों पर स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई की है। बुधवार को सर्विस रोड से गुजर रहे चार ओवरलोड डंपरों को एसडीएम ने मौके पर रुकवाया। इसके बाद घरौंडा पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस की सहायता से चारों डंपरों को कब्जे में लेकर उनका वजन करवाया गया। जांच में सभी डंपरों में निर्धारित क्षमता से अधिक रेत लदा मिला। इसके बाद प्रशासन ने चारों वाहनों को इंपाउंड कर दिया और चारों के चालान काटे।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम राजेश सोनी अपने कार्यालय की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सर्विस रोड पर रेत से भरे ओवरलोड डंपरों पर पड़ी। चारों डंपर एक के पीछे एक कतार में चल रहे थे। एसडीएम की गाड़ी को देखकर डंपर चालकों ने वाहनों को तेज गति से आगे निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी सबसे आगे चल रहे डंपर के सामने पहुंच गई और चारों वाहनों को मौके पर ही रोक लिया गया।
इसके बाद एसडीएम ने तुरंत घरौंडा पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में चारों डंपरों को कब्जे में लेकर वजन करवाया गया। वजन की जांच में वाहनों में उनकी तय क्षमता से अधिक रेत भरा मिला। कुछ ओवरलोड डंपरों के आगे की नंबर प्लेट भी गायब थी। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सभी चार डंपरों को इंपाउंड कर दिया।
एसडीएम राजेश सोनी ने बताया कि चारों डंपरों को पकड़ लिया गया है और इनमें क्षमता से अधिक रेत लोड था। सभी वाहनों को इंपाउंड किया गया है। नियमानुसार इनके चालान भी काटे गए है। उन्होंने ओवरलोड वाहन चालकों को चेतावनी दी कि वाहन में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल लोड करें। यदि किसी वाहन में क्षमता से अधिक माल पाया गया तो उसे इंपाउंड करने के साथ-साथ मोटा चालान भी कटेगा।
