पटियाला, 26 नवंबर (परमजीत सिंह परवाना):- भारत निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी, पटियाला के दिशा-निर्देशों के तहत विधानसभा क्षेत्र 115-पटियाला के निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी-कम-उपमंडल मजिस्ट्रेट गुरदेव सिंह धम्म ने विधानसभा स्तर की अंतर-महाविद्यालय स्वीप प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर विशेष रूप से प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गुरदेव सिंह धम्म ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवा मतदाताओं की भागीदारी बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए प्रेरित किया कि वे न केवल स्वयं बिना किसी डर, लालच या भेदभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करें।
इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आम लोगों और विशेषकर युवाओं की सुविधा के लिए शुरू किए गए ऑनलाइन पोर्टल (voters.eci.gov.in) और 'वोटर हेल्पलाइन ऐप' के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपना नया वोट बनवाने (फॉर्म-6), मतदाता सूची से नाम हटवाने या वोटर कार्ड में किसी भी प्रकार का संशोधन करवाने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने स्वीप प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले और विजेता रहे सभी विद्यार्थियों को बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर स्वीप नोडल अधिकारी रुपिंदर सिंह, इंदरप्रीत सिंह, चुनाव कानूनगो प्रीति शर्मा, विभिन्न संस्थानों के नोडल अधिकारी, ईएलसी समन्वयक और विद्यार्थी उपस्थित थे।
