अंबाला, 26 नवंबर (आर. सिंह):- सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिल रोड, अंबाला छावनी के दो विद्यार्थियों सागर यादव और मोहित प्रजापति ने भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय 'भारत को जानो' प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेकर सीनियर वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया और अपने स्कूल तथा माता-पिता का नाम रोशन किया।
स्कूल के प्रिंसिपल ठाकुर सिंह चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन गुरुकुल पुंडरी, कैथल में हुआ, जिसमें हरियाणा राज्य के विभिन्न जिलों की 31 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि दोनों विद्यार्थी 15 मिनट तक टाईब्रेकर राउंड में डटे रहे और अंत में टाईब्रेकर के माध्यम से परिणाम घोषित किया गया, जिसमें स्कूल को दूसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ।
इससे पहले भी ये दोनों विद्यार्थी भारत विकास परिषद द्वारा नंद लाल गीता विद्या मंदिर स्कूल, तेपला (अंबाला छावनी) में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंबाला जिले की 15 टीमों को हराकर पहला स्थान हासिल कर चुके हैं।
स्कूल के चेयरमैन कैलाश चंद मल्होत्रा, मैनेजर प्रमोद गर्ग और जनरल सेक्रेटरी सुधीर बिंदल ने खुशी व्यक्त करते हुए स्कूल प्रिंसिपल ठाकुर सिंह चौहान, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
