लुधियाना, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना के कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड साइंस टेक्नोलॉजी ने “दूध प्रोटीन और स्वास्थ्य” थीम के तहत राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 मनाया।
इस अवसर पर पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकसित उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद ‘प्रोबायोटिक दही’ को आम लोगों के लिए लॉन्च किया गया। लाभकारी प्रोबायोटिक बैक्टीरिया से भरपूर यह उत्पाद पौष्टिक आहार के रूप में उपयोगी है। यह उपभोक्ताओं के लिए विश्वविद्यालय के मिल्क पार्लरों में बिक्री हेतु उपलब्ध होगा।
उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए 19 से 26 नवंबर तक दूध में मिलावट की जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया। प्रायोगिक डेयरी प्लांट के कर्मचारियों के लिए एक शैक्षणिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, ताकि उन्हें स्वच्छ दूध के रखरखाव, सुरक्षित प्रसंस्करण और गुणवत्ता सुनिश्चित करने संबंधी जानकारी दी जा सके।
डॉ. नविता यादव, निदेशक/वैज्ञानिक, भारतीय मानक ब्यूरो, चंडीगढ़ ने दूध की गुणवत्ता के मूल्यांकन, खाद्य सुरक्षा मानकों और डेयरी उत्पादों की शुद्धता सुनिश्चित करने में आने वाली चुनौतियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। विद्यार्थियों के लिए “दूध प्रोटीन और स्वास्थ्य” विषय पर पोस्टर बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें गगन पटेल और हरबिंदर कौर ने पहला पुरस्कार, खुशबू ने दूसरा पुरस्कार तथा याचना हरमुख और संदीप कौर ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया। शिक्षकों द्वारा तैयार की गई तीन शैक्षणिक वीडियो भी जारी की गईं, जिनमें दूध में मिलावट, गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़ी आम चुनौतियों को दर्शाया गया।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, पीएयू कैंपस, लुधियाना के 75 से अधिक विद्यार्थियों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। अमूल और वेरका ने विद्यार्थियों को जलपान भी उपलब्ध करवाया।
डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल, निदेशक प्रसार शिक्षा ने जनस्वास्थ्य की रक्षा में दूध की गुणवत्ता और सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में डॉ. सरवप्रीत सिंह घुम्मन, डीन, कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड साइंस टेक्नोलॉजी ने उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत करने, वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने और स्वच्छ डेयरी पद्धतियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
