नवांशहर/काठगढ़, 27 नवंबर (जतिंदर पाल सिंह कलेर):- रोपड़-बालाचौर नेशनल हाईवे पर गांव माजरा जट्टां के कट के पास सड़क हादसा होने की सूचना मिली है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसएफ टीम के इंचार्ज एएसआई कुलवीर सिंह ने बताया कि उन्हें एक राहगीर से माजरा जट्टां कट पर दुर्घटना होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि पीबी 19जे 9041 नंबर की एक कार, जिसे बड़ा पिंड, भरतगढ़ निवासी सुच्चा सिंह का पुत्र जगतार सिंह चला रहा था, रोपड़ से बालाचौर की ओर जा रही थी। जब कार माजरा जट्टां कट पर पहुंची तो सड़क पार कर रही पीबी 28के 1909 नंबर की स्कूटी से उसकी टक्कर हो गई। स्कूटी को पटियाला निवासी दर्शन सिंह की पुत्री जसविंदर कौर चला रही थी।

इस टक्कर में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गई। नेशनल हाईवे अथॉरिटी की एंबुलेंस की सहायता से उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल, रोपड़ में भर्ती करवाया गया। हादसे में कार और स्कूटी दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

इस दुर्घटना के संबंध में थाना काठगढ़ और नवांशहर कंट्रोल रूम को सूचित कर दिया गया।