होशियारपुर (पैगाम-ए-जगत):- डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने शुक्रवार को लिवासा अस्पताल, होशियारपुर में अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन किया। इस सुविधा की शुरुआत क्षेत्र में हृदय रोगों के उन्नत उपचार की सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एसोसिएट डायरेक्टर – इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी डॉ. रवि कुमार वी और कंसल्टेंट – इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी डॉ. कृष्णु कुसुम के नेतृत्व में संचालित होने वाली यह कैथ लैब अत्याधुनिक कार्डियक इमेजिंग और कैथेटराइजेशन तकनीक से लैस है। इसके माध्यम से हृदय रोगों की विशेष जांच के साथ-साथ विभिन्न इंटरवेंशनल प्रक्रियाएं भी की जा सकेंगी।
नई कैथ लैब की शुरुआत से होशियारपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को हृदय रोगों की उन्नत जांच और उपचार की सुविधाएं अब अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को विशेष कार्डियक प्रक्रियाओं के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम पड़ेगी। यह सुविधा अस्पताल की समय पर और व्यापक कार्डियक उपचार सेवाएं प्रदान करने की क्षमता को भी बढ़ाएगी।
लिवासा अस्पताल के सीईओ अनुराग यादव ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि इस क्षेत्र के लोगों को अनुभवी डॉक्टरों, उन्नत तकनीक और व्यापक अस्पताल सेवाओं की मदद से गुणवत्तापूर्ण हृदय रोग उपचार अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध करवाया जाए। इस कैथ लैब की शुरुआत विशेष स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और लोगों तक उन्नत कार्डियक केयर की पहुंच बढ़ाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”
लिवासा अस्पताल के रीजनल फैसिलिटी डायरेक्टर अभिनव श्रीवास्तव ने कहा, “कैथ लैब की शुरुआत से हमारे अस्पताल में उपलब्ध विशेष हृदय रोग उपचार सेवाओं का दायरा काफी बढ़ेगा। अनुभवी इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट और अत्याधुनिक तकनीक की उपलब्धता से अब विशेष कार्डियक जांच और कैथेटर आधारित उपचार की आवश्यकता वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपयुक्त चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे उन्हें बड़े शहरों तक जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।”
अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन लिवासा अस्पताल, होशियारपुर द्वारा लोगों को सुलभ, विशेष और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। यह पहल होशियारपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को हृदय रोगों के उन्नत उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
