नवांशहर, 27 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह क्लेर):- पंजाब के पशुपालकों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। प्रोग्रेसिव डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (पीडीएफए), पंजाब के आह्वान पर पशुपालकों ने आज डीसी कार्यालय नवांशहर के बाहर दूध बहाकर अपने रोष का जोरदार प्रदर्शन किया।
पशुपालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई, पशुओं के चारे, दवाइयों और अन्य खर्चों ने उनकी कमर तोड़ दी है, लेकिन दूध का रेट अभी भी वही पुराना है। इसी कारण वे अब मजबूर होकर सड़कों पर उतरे हैं।
इस अवसर पर पशुपालकों ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नाम मांगपत्र सौंपते हुए मांग की कि दूध का रेट तुरंत 14 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पशुपालकों को बचाना चाहती है तो दूध का उचित रेट देना ही होगा, अन्यथा पंजाब में डेयरी फार्मिंग पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। पशुपालकों ने यह भी मांग की कि पंजाब की शूटिंग पॉलिसी को बंद किया जाए, क्योंकि इससे पशुपालकों को भारी नुकसान हो रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पीडीएफए पंजाब की कार्यकारिणी समिति के सदस्य रामपाल सरपंच हसनपुर कलां ने बताया कि पंजाब में दूध उत्पादन और डेयरी का काम करने वाले किसान या पशुपालक लगातार घाटे में चल रहे हैं। कई पशुपालक कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और अपने फार्म बंद करने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निजी कंपनियों और मिल्कफेड द्वारा दूध के रेट में केवल 4 से 6 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है, जो ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। इससे पशुपालकों को कोई राहत नहीं मिली। हमारी मांग है कि दूध के रेट में जो भी वृद्धि की जाए, उसका सीधा और पूरा लाभ पशुपालकों को मिलना चाहिए, न कि बिचौलियों को।
रामपाल सरपंच हसनपुर कलां ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पंजाब सरकार ने उनकी मांगें 5 दिसंबर 2026 तक नहीं मानीं तो वे 5 दिसंबर के बाद अपना संघर्ष और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि पशुपालक अब पीछे नहीं हटेंगे और अपने अधिकारों के लिए आखिरी सांस तक लड़ेंगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पशुपालकों ने जोरदार नारेबाजी भी की और सरकार से तुरंत फैसला लेने की मांग की। इस अवसर पर पीडीएफए जिला प्रधान नवांशहर जसविंदर सिंह, उपप्रधान मनप्रीत सिंह, ब्लॉक बलाचौर प्रधान जगतार सिंह, ब्लॉक सरोया प्रधान प्रीत सिंह, ब्लॉक बंगा प्रधान जसकरन सिंह और सभी डेयरी फार्मर उपस्थित थे।
