चंडीगढ़, 28 नवंबर:- महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एमआरएस-एएफपीआई), मोहाली के दो पूर्व कैडेट अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल भारतीय नौसेना में कमीशंड अधिकारी के रूप में शामिल हुए हैं। उनकी नियुक्ति आज केरल के एझिमाला स्थित इंडियन नेवल अकादमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के दौरान हुई, जिसका निरीक्षण भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया।
गुरदासपुर जिले के निवासी अनुताज सिंह के माता-पिता शिक्षक हैं। उनकी माता सरकारी हाई स्कूल, माड़ी टांडा में सेवाएं दे रही हैं, जबकि उनके पिता सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नौशहरा माजरा सिंह में तैनात हैं। फतेहगढ़ साहिब जिले के निवासी अक्षांश अग्रवाल एक कारोबारी परिवार से संबंध रखते हैं।
नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि उनका चयन दर्शाता है कि यह संस्थान हर पृष्ठभूमि के योग्य युवाओं को समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को समर्पण, उत्साह और पेशेवर तरीके से देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब को उन पर गर्व है। अरोड़ा ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह एएफपीआई देश की सशस्त्र सेनाओं का नेतृत्व करने के लिए युवाओं को तैयार करके पंजाब की गौरवशाली सैन्य विरासत में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।
संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने भी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के साथ संस्थान से भारतीय सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बनने वाले कैडेटों की कुल संख्या 200 के महत्वपूर्ण आंकड़े तक पहुंच गई है, जिनमें से 26 कैडेट भारतीय नौसेना में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, "यह पंजाब के लोगों की बहादुरी का प्रमाण है।" निदेशक ने बताया कि एमआरएस-एएफपीआई अब एनडीए और तकनीकी प्रवेश योजनाओं के साथ-साथ अपने कैडेटों को भारतीय नौसेना की '10+2 कैडेट एंट्री' के लिए भी तैयार करने पर जोर दे रहा है।
17वें कोर्स के लिए दाखिले शुरू
निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने घोषणा की कि संस्थान के 17वें कोर्स के लिए दाखिले शुरू हो गए हैं। एनडीए में शामिल होने के इच्छुक 10वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी 15 दिसंबर, 2026 तक https://recruitment-portal.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 3 जनवरी, 2027 को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्थान सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के इच्छुक पंजाब के युवाओं की इसी तरह मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ सहायता करता रहेगा।
