खरड़/दविंदर कौर:- मैक्सिम मैरी स्कूल, खरड़ ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने की खुशी में ‘सृष्टि से उत्सव’ थीम के तहत सिल्वर जुबली समारोह पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के साउथ कैंपस, सेक्टर-25 स्थित कन्वेंशन हॉल में बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता और खरड़ विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज परमिंदर सिंह गोल्डी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक, नृत्य और रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास, उत्साह और शानदार अंदाज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों की मेहनत और उनके सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल द्वारा करवाई जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की झलक देखने को मिली। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, विद्यार्थियों और अन्य मेहमानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर हिमेंदर कौशिक, फाउंडर एवं चेयरमैन वेद कुमार कौशिक और प्रिंसिपल पूजा खोसला सहित पूरी प्रबंधन टीम ने परमिंदर सिंह गोल्डी का स्वागत किया। स्कूल प्रबंधन की ओर से संस्थान की 25वीं वर्षगांठ के इस विशेष अवसर पर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर परमिंदर सिंह गोल्डी ने स्कूल प्रबंधन को सिल्वर जुबली की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की नींव होती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंत में उन्होंने स्कूल के 25 वर्षों के सफल सफर के लिए फाउंडर एवं चेयरमैन वेद कुमार कौशिक, डायरेक्टर हिमेंदर कौशिक, प्रिंसिपल, सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी।
