चंडीगढ़, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने संविधान दिवस के अवसर पर कहा कि भारतीय संविधान की मूल भावना ‘हम भारत के लोग’ में निहित है और लोकतंत्र में सर्वोच्च शक्ति जनता के हाथों में होती है। संविधान दिवस मनाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह दिन हमें संविधान में निहित मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर चिंतन करने का अवसर प्रदान करता है। श्री विज ने कहा कि अनेक धर्मों, जातियों, भाषाओं और संस्कृतियों वाला भारत अपनी विविधताओं के बावजूद एकजुट है और ‘विविधता में एकता’ ही हमारी सबसे बड़ी विशेषता है। संविधान ने देश की एकता, अखंडता और समानता को मजबूत आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की विकास यात्रा भी प्रदेश के मेहनती किसानों, प्रतिभाशाली युवाओं, शिक्षकों और प्रभावी शासन व्यवस्था के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

श्री विज आज चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा में संविधान को समर्पित विशेष सत्र में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को देश ने संविधान को अपनाया था। संविधान दिवस मनाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिन का उद्देश्य संविधान के प्रति हमारी भावनाओं, उसमें निहित मूल्यों तथा नागरिकों को प्राप्त अधिकारों और कर्तव्यों पर विचार करना है।

श्री विज ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत की विशेषता केवल इसकी विशाल जनसंख्या ही नहीं, बल्कि इसकी विविधता भी है। यहां अनेक धर्मों, जातियों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोग रहते हैं। इतनी विविधताओं के बावजूद विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी पहचान है। इसी एकता को बनाए रखने, देश को एक मजबूत कानूनी और लोकतांत्रिक ढांचे में बांधने तथा सभी नागरिकों को समान अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से संविधान का निर्माण किया गया। संविधान ने यह सुनिश्चित किया कि देश एकजुट रहे, मजबूत बने और निरंतर प्रगति करता रहे।

‘हम भारत के लोग’ संविधान की आत्मा: विज

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द ‘हम भारत के लोग’ ही इसकी मूल भावना को सबसे प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति जनता से बड़ा नहीं है—न प्रधानमंत्री, न मुख्यमंत्री और न ही कोई मंत्री। जनप्रतिनिधियों और सरकारों को जो शक्ति प्राप्त होती है, उसका स्रोत जनता है। जनता से प्राप्त जनादेश के आधार पर ही नीतियां बनाई जाती हैं और सरकारें चलाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं करती, तो जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से उसे बदल भी देती है। संविधान ने सत्ता किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं दी, बल्कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के हाथों में निहित की है।

विज ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा पर दिया जोर

श्री विज ने कहा कि संविधान दिवस केवल उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्मचिंतन करने का दिन भी है कि अतीत में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ जो कुछ हुआ, उसकी पुनरावृत्ति कभी नहीं होनी चाहिए। वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान नागरिकों के अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और विपक्षी दलों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद किया गया। उन्होंने कहा कि उस दौर में लोगों के लिए अपनी बात रखना भी कठिन हो गया था और उनकी सांसों पर भी पहरा लगा दिया गया था। श्री विज ने कहा कि तत्कालीन सरकार ने अपने राजनीतिक हितों के अनुसार संविधान में संशोधन किए और लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित किया।

संविधान के 42वें संशोधन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने विशेष सत्र बुलाकर इसी संशोधन के माध्यम से संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवादी’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्द जोड़े, जो मूल रूप से उसमें शामिल नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह विशेष सत्र ऐसे समय में बुलाया गया था, जब लोग स्वतंत्र रूप से सांस भी नहीं ले सकते थे। उन्होंने कहा कि उस समय को देखने के कारण दुख होता है और आंखों में आंसू आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि समानता और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े अधिकार संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 24 और 25 तथा अन्य प्रावधानों के माध्यम से पहले ही सुनिश्चित किए गए थे। विपक्ष को आईना दिखाते हुए उन्होंने कहा कि आज संविधान की बात करने वालों को याद रखना चाहिए कि उनके कार्यकाल में अनुच्छेद 356 का 90 बार इस्तेमाल कर देश में चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय चुनाव प्रक्रिया में भी संशोधन किए गए और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव का उल्लेख करने वाले सरकारी अधिकारी से संबंधित प्रावधानों में भी बदलाव किए गए।

ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज संविधान को खतरे में बताने वाले लोग यह बताएं कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को वास्तविक नुकसान किसने पहुंचाया। उन्होंने कहा कि देश ने वह दौर भी देखा है, जब आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ, नागरिकों की आवाज दबाई गई और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया गया। उन्होंने कहा, “आज कुछ लोग हाथों में लाल किताब लेकर घूमते हैं और संविधान की रक्षा की बात करते हैं, लेकिन देश यह भी जानना चाहता है कि संविधान को लहूलुहान किसने किया और लोकतंत्र की लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन किसने किया। आपातकाल के दौरान राजनीतिक दलों के लोगों को झूठे मामलों में जेलों में डाल दिया गया और डेढ़ लाख से अधिक लोगों को उस समय जेलों में बंद कर दिया गया। संविधान दिवस हमें केवल संविधान की बातें करने का ही नहीं, बल्कि अतीत में उसके साथ हुए खिलवाड़ को याद रखने और यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम मर जाएंगे और मिट जाएंगे, लेकिन ऐसा समय देश में दोबारा कभी नहीं आना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

विज ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को किया याद

ऊर्जा मंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस महापुरुष द्वारा बनाए गए संविधान के आधार पर आज देश की संसद और विधानसभाएं चल रही हैं, उनके सम्मान में भी लंबे समय तक आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न भारतीय जनता पार्टी समर्थित सरकार ने दिया था। यह सम्मान उनके निधन के कई दशक बाद प्रदान किया गया और संसद भवन में उनका चित्र भी काफी बाद में लगाया गया।

श्री विज ने विपक्ष के नेता को याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस के कई नेता इसी विधानसभा में मुख्यमंत्री रहे, लेकिन बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य भाजपा के मुख्यमंत्री रहते हुए श्री मनोहर लाल ने किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद कांग्रेस के कई मुख्यमंत्री बने और वे सभी इसी विधानसभा का हिस्सा रहे, लेकिन किसी ने भी विधानसभा परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की पहल नहीं की। श्री विज ने सवाल उठाते हुए कहा कि आज संविधान और बाबा साहेब के सम्मान की बात करने वाले लोग बताएं कि उनके कार्यकाल में उन्हें यह कार्य करने से किसने रोका था। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता और उनके विचारों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाकर और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करके किया जाना चाहिए।

हरियाणा की प्रगति में किसानों, युवाओं और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान

हरियाणा की हीरक जयंती और प्रदेश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए श्री विज ने कहा कि पंजाब से अलग होकर 1 नवंबर, 1966 को हरियाणा के गठन के बाद प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि इस विकास का श्रेय प्रदेश के मेहनती किसानों, युवाओं, शिक्षकों, प्रोफेसरों तथा प्रदेश की कार्यप्रणाली और शासन व्यवस्था को जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की प्रगति किसी एक व्यक्ति या वर्ग के प्रयासों का परिणाम नहीं है, बल्कि प्रदेश के सभी लोगों की सामूहिक मेहनत का फल है।

श्री विज ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री निरंतर प्रयासरत रहते हैं और उन्हें हरियाणा को हर क्षेत्र में आगे ले जाने की लगन रहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और उसके सभी सहयोगी हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।