चंडीगढ़, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा संविधान हमारे वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शक है। बीते 77 वर्षों में देश के सामने जब भी चुनौतियां आई हैं, हमारे संविधान ने उन सभी चुनौतियों का समाधान करने के लिए हमें सही रास्ता दिखाया है। संविधान का सम्मान किसी एक दल या सरकार का विषय नहीं है। यह हर उस व्यक्ति की जिम्मेदारी है, जिसे जनता ने जनसेवा का अवसर दिया है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को संविधान को अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में आयोजित विशेष चर्चा के दौरान सदन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विशेष सत्र में भाग लेने के लिए सभी माननीय सदस्यों का धन्यवाद करते हुए उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हम लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को याद कर रहे हैं। लेकिन इस समय हम यह भी नहीं भूल सकते कि आज ही के दिन वर्ष 2008 में मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की बरसी भी है। उन्होंने इस आतंकवादी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उस जज्बे को भी याद किया, जब पूरे देश ने एकजुट होकर उस हमले का सामना किया था। यह हमारे लोकतंत्र की ही ताकत थी।

विविधताओं से भरपूर देश के लिए सहमति, संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादा का रास्ता खोजने का एक मजबूत प्रयास था संविधान का निर्माण: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर, 1946 को हुई थी। लगभग तीन वर्षों के विचार-विमर्श के बाद 26 नवंबर, 1949 को संविधान अंगीकार किया गया। उस समय संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं। संविधान सभा ने 11 सत्रों में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस की। संविधान के मसौदे पर हजारों संशोधनों के प्रस्ताव रखे गए और उन पर गंभीरता से विचार किया गया।

इस विस्तृत प्रक्रिया में भारतीय समाज के हर वर्ग और देश के हर क्षेत्र की बात सुनी गई। संविधान का निर्माण केवल एक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया नहीं थी। यह विविधताओं से भरपूर देश के लिए सहमति, संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादा का रास्ता खोजने का एक मजबूत प्रयास था।

भारत की प्राचीन लोकतांत्रिक परंपराएं विश्व के लिए प्रेरणादायक: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे संविधान निर्माता भारतवर्ष की महान परंपरा, महान संस्कृति, महान विरासत और हजारों वर्षों की यात्रा के प्रति सचेत थे। भारतवर्ष की लोकतांत्रिक परंपराएं बहुत प्राचीन हैं। चौथी सदी से पहले, एक हजार वर्षों तक इस विशाल राष्ट्र में कई शक्तिशाली गणराज्य थे। मालव गणराज्य ने तो सिकंदर के अजेय होने के सपने को भी चकनाचूर कर दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा यह समृद्ध इतिहास विश्व के लिए प्रेरणादायक रहा है। इसी कारण भारत आज दुनिया भर में ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ के रूप में जाना जाता है। आज हमारा लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और सबसे प्राचीन लोकतांत्रिक परंपरा की जड़ें भी हमारी पवित्र धरती में ही हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन जी, जो संविधान सभा के सदस्य भी थे, ने लिखा है कि इस महान राष्ट्र के लिए गणतांत्रिक व्यवस्था नई नहीं है। हमारे यहां यह हमारे इतिहास की शुरुआत से ही मौजूद है।

संविधान संपूर्ण संविधान सभा की सामूहिक सूझ-बूझ और राष्ट्र की सामूहिक इच्छा का परिणाम: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, के.एम. मुंशी, अल्लादी कृष्णास्वामी अय्यर सहित कई सदस्यों ने इस महान कार्य में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण संविधान सभा की सामूहिक सूझ-बूझ और राष्ट्र की सामूहिक इच्छा का परिणाम था। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी, 1950 को 284 सदस्यों ने संविधान पर हस्ताक्षर किए। वे हस्ताक्षर भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता के गवाह बने।

संविधान निर्माण में देश की मातृशक्ति ने निभाई बहुत बड़ी भूमिका: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे संविधान की निर्माण प्रक्रिया में देश की मातृशक्ति ने महान योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भी संविधान को मजबूत बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई। संविधान सभा में 15 माननीय महिला सदस्य थीं और वे बहुत सक्रिय थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौलिक विचारधारा के आधार पर उन्होंने संविधान सभा की बहस को समृद्ध बनाया। ये सभी महिलाएं अलग-अलग पृष्ठभूमियों और क्षेत्रों से संबंधित थीं। यहां शुरुआत से ही महिलाओं को मतदान के अधिकार सहित कई समान अधिकार दिए गए।

संविधान निर्माण में हरियाणा के सात महानुभावों ने दिया योगदान

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि संविधान सभा में हरियाणा के सात महानुभावों ने योगदान दिया। उनके नाम कैप्टन रणजीत सिंह, पंडित ठाकुर दास भार्गव, राव बहादुर चौधरी सूरजमल, पंडित श्रीराम शर्मा, मास्टर नंद लाल, चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा और लाला देशबंधु गुप्ता हैं। उन्होंने कहा कि इनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही हम पवित्र संविधान के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं।

‘हम, भारत के लोग’ संविधान की आत्मा, सत्ता का अंतिम स्रोत जनता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारें जनता की सेवा के लिए बनती हैं। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से शुरू होती है। यही इसकी आत्मा है। सत्ता का अंतिम स्रोत जनता है। सरकारें जनता की सेवा के लिए बनती हैं और संविधान के प्रति जवाबदेह रहती हैं। प्रस्तावना में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय; विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता; अवसर और प्रतिष्ठा की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता की भावना का संकल्प है। उन्होंने कहा कि ये शब्द संपूर्ण भारतीय राष्ट्र की वह प्रतिज्ञा हैं, जिसे हम अपने आचरण और नीतियों के माध्यम से हर दिन साकार करते हैं।

आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हर देशवासी का एक ही उद्देश्य है—विकसित भारत का निर्माण। विकसित भारत का अर्थ है ऐसा देश, जहां प्रत्येक नागरिक को जीवन की बेहतर गुणवत्ता और सम्मान के साथ जीवन बिताने का अवसर मिले। यह सामाजिक न्याय का भी एक बड़ा माध्यम है और यही संविधान की मूल भावना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली बार है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से इस दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि संविधान प्रत्येक नागरिक के जीवन और हर सार्वजनिक संस्था के कामकाज में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हमने इसी प्रकार का संकल्प इस महान सदन में लिया है।

नागरिकों की गरिमा और न्याय की कसौटी पर राज्य की शक्तियों को रखना भी संविधान का उद्देश्य: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन अधिकारों का अर्थ तभी पूरा होता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर गरीब, वंचित और कमजोर नागरिक, सम्मान और अवसर के साथ आगे बढ़ सके। संविधान का उद्देश्य केवल राज्य की शक्तियों को निर्धारित करना नहीं, बल्कि उन शक्तियों को नागरिकों की गरिमा और न्याय की कसौटी पर रखना भी है।

सत्ता में हों या विपक्ष में, अपने आचरण में संवैधानिक मर्यादा बनाए रखें और जनता के जनादेश का सम्मान करें: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से संविधान का सम्मान किसी एक पार्टी या सरकार का विषय नहीं है। यह हर उस व्यक्ति का कर्तव्य है, जिसे जनता ने जनसेवा का अवसर दिया है। हम सभी को आत्ममंथन करना चाहिए कि क्या हमारे कामकाज में निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून के प्रति समान सम्मान दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान स्थिरता प्रदान करता है, लेकिन समय के साथ आगे बढ़ने की क्षमता भी रखता है। इसमें संशोधन की व्यवस्था है, ताकि बदलती परिस्थितियों और नागरिकों की आकांक्षाओं के अनुसार लोकतंत्र विकसित होता रहे। पंचायतों और नगर निकायों को संवैधानिक आधार मिलने से लोकतंत्र गांवों और शहरों तक पहुंचा है। शिक्षा, सामाजिक न्याय और स्थानीय स्वशासन से जुड़े प्रावधानों ने नागरिकों को व्यवस्था में अधिक प्रभावी भागीदारी का अवसर दिया है। यही हमारे संविधान की जीवंतता है—अपने मूल आदर्शों को सुरक्षित रखते हुए समय की जरूरत के साथ आगे बढ़ना।

हरियाणा की प्रगति में सभी वर्गों की भागीदारी, विकास का लाभ हर वर्ग और हर क्षेत्र तक पहुंचे: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिए संविधान का विशेष महत्व है। 1 नवंबर, 1966 को राज्य के गठन के बाद हमारी यात्रा संवैधानिक लोकतंत्र की इसी व्यवस्था के तहत आगे बढ़ी। हमारी विधानसभा ने प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को कानून, नीति और जनकल्याण के कार्यों में बदलने का दायित्व निभाया है। खेतों में मेहनत करने वाले किसान, सीमाओं की रक्षा करने वाले जवान, उद्योगों में काम करने वाले श्रमिक, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कर्मचारी, महिलाएं, युवा और उद्यमी—सभी की हरियाणा की प्रगति में भागीदारी है। संविधान का समानता और गरिमा का आदर्श हमें याद दिलाता है कि विकास का लाभ इन सभी वर्गों और हर क्षेत्र तक पहुंचना चाहिए।

पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किए नए कीर्तिमान

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, तकनीक और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

आज हरियाणा का क्षेत्रफल देश के क्षेत्रफल का महज 1.34 प्रतिशत है। लेकिन देश की जीडीपी में हमारा योगदान 3.7 प्रतिशत है। यह देश के खाद्यान्न भंडार को भरने वाला दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। प्रति व्यक्ति आय में बड़े राज्यों में पहले स्थान पर है।

प्रधानमंत्री ने संविधान में निहित जनसेवा, जनकल्याण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को शासन की कार्यसंस्कृति से जोड़ा: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने संविधान में निहित जनसेवा, जनकल्याण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को शासन की कार्यसंस्कृति से जोड़ने का काम किया है। राजपथ को कर्तव्य पथ की पहचान देकर उन्होंने हर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य की याद दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया गेट के निकट नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा की स्थापना हमारे स्वतंत्रता संग्राम के त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण के आदर्शों के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति है।

जनकल्याण की विभिन्न योजनाएं बनीं जमीनी बदलाव का मजबूत माध्यम: मुख्यमंत्री

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने 60 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी है और स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ परिवारों को पक्के मकान मिलने से सुरक्षित आश्रय मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जिस तरह हरियाणा आगे बढ़ा है और देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार करोड़ परिवारों को पक्के मकान बनाकर सम्मान के साथ उनके घरों की चाबियां सौंपी गई हैं, यह कोई छोटा बदलाव नहीं है। गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाना ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सदन में खड़े होकर मैं भी बहुत कुछ बोल सकता हूं, लेकिन वास्तविकता यह है कि जमीनी स्तर पर बहुत बदलाव आए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 11 करोड़ गरीब माताओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जब लाल किले से स्वच्छ भारत का ऐलान किया तो लोगों ने उनका मजाक उड़ाया। लेकिन आज स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण ने हमारी माताओं-बहनों को सुरक्षा और गरिमा प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले माताओं-बहनों को साफ पानी लेने के लिए दो-दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था, लेकिन आज जल जीवन मिशन ने हर गांव के हर घर में नल से साफ पानी पहुंचाकर जीवन को सरल बनाया है। इससे वास्तव में करोड़ों लोगों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया संचार हुआ है।

संवैधानिक भावनाओं के अनुरूप प्रदेश के हर क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को मजबूत कर रही सरकार: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज देशभर में हम कहीं भी जाएं, वहां कोई न कोई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना प्रगति पर है। चाहे वह मेट्रो हो या फ्रेट कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे हों, बड़े पुल हों या बंदरगाहों का विकास हो। देश के हर हिस्से में बुनियादी ढांचे के विकास का काम हो रहा है।

हरियाणा का हर जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा, पिछले 12 वर्षों में 22 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित, 11 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कें बनाई गईं: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज हरियाणा का हर जिला किसी न किसी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में 22 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए हैं, जिनमें से 12 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा, इसी अवधि में 11 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कें बनाई गई हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बीती 17 जुलाई को जींद-सोनीपत रेल मार्ग पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हरियाणा को स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक सौगात दी।

बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां देकर संविधान की मूल भावना को किया साकार: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे युवाओं के लिए संविधान द्वारा दिया गया सबसे महत्वपूर्ण अधिकार अनुच्छेद 16 है, जो कहता है कि सरकारी नौकरियों में भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल जी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां देकर संविधान की इस मूल भावना को साकार किया है। माननीय प्रधानमंत्री जी ने भी 4 फरवरी, 2025 को लोकसभा में इसकी सराहना की है।

हरियाणा के लोगों ने मेहनत को अपनी शक्ति, संकल्प को अपना मार्ग और राष्ट्र सेवा को अपना धर्म बनाया: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हरियाणा की स्थापना 1 नवंबर, 1966 को हुई थी। उस समय हमारे सामने कई चुनौतियां थीं। हमारे पास संसाधन सीमित थे और भविष्य का रास्ता भी आसान नहीं था। लेकिन प्रदेश के लोगों ने कठिनाइयों को अपनी किस्मत नहीं बनने दिया। उन्होंने मेहनत को अपनी शक्ति, संकल्प को अपना मार्ग और राष्ट्र सेवा को अपना धर्म बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने यह सिद्ध किया है कि यदि जनता के अंदर आत्मविश्वास हो, नेतृत्व में विकास की इच्छाशक्ति हो और लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत हों, तो सीमित संसाधनों से भी असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

हीरक जयंती अधिक न्यायपूर्ण, समावेशी और खुशहाल प्रदेश बनाने के संकल्प का अवसर: मुख्यमंत्री

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संविधान दिवस हमें यह भी याद दिलाता है कि लोकतंत्र तभी सार्थक होता है, जब शासन अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, गरीब को अवसर मिले, किसान को सम्मान मिले, युवा को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिले, महिला सुरक्षित और आत्मनिर्भर बने तथा हर नागरिक को न्याय और विकास का लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की हीरक जयंती का सच्चा अर्थ भी यही है कि हम अपनी उपलब्धियों का उत्सव मनाएं, अपनी कमियों को पहचानें और आने वाले वर्षों के लिए अधिक न्यायपूर्ण, समावेशी और खुशहाल प्रदेश बनाने का संकल्प भी लें।

सभी 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है हरियाणा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करता है। हमारी यह व्यवस्था किसान की मेहनत और उसकी उपज के सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि हम खेती को गेहूं और धान तक सीमित रखने के बजाय आज बागवानी, प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण और आधुनिक तकनीक की ओर तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। कृषि क्षेत्र में ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल साधनों जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग करके किसान की लागत घटाने और आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

12 वर्षों में 17,676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि, 260 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि और 260 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं ने खेलों में हरियाणा का नाम दुनियाभर में रोशन किया है। उनका मानना है कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और टीम भावना का निर्माण करते हैं। इसी उद्देश्य से हमने प्रदेश में नई खेल और रोजगार नीति बनाई है।

इसके तहत पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है। प्रदेश के 260 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

पिछले 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां, 1 लाख 56 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसी प्रकार शिक्षा और कौशल विकास हमारे युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करते हैं। प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी रोजगार देने, कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके साथ ही, एक लाख 56 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण भी दिया गया है। हमारा लक्ष्य है कि हर युवा अपनी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ सके और उसे अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रदेश से बाहर जाने की मजबूरी न हो।

पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर विकास में बनाया बराबर का भागीदार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता किसी भी समाज की प्रगति की कसौटी हैं। स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न कल्याणकारी पहलों के माध्यम से महिलाओं को अवसरों और संसाधनों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प पत्र में भी कहा था कि महिलाओं को कैसे सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 2100 रुपये देने की बात कही थी और उन्हें खुशी है कि उनकी सरकार महिलाओं को 2100 रुपये देने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर उन्हें विकास में बराबर का भागीदार बनाया गया है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश की बहनों-बेटियों को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

संविधान की 77वीं वर्षगांठ पर संविधान की प्रस्तावना को अपने व्यवहार में उतारने का लें संकल्प

मुख्यमंत्री ने संविधान की इस 77वीं वर्षगांठ पर संविधान की प्रस्तावना को अपने व्यवहार में उतारने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बनाए लोकतांत्रिक मार्ग पर विश्वास रखें, उसकी मर्यादा का पालन करें और ऐसे भारत के निर्माण में योगदान दें, जहां न्याय सभी को मिले, अवसर सभी के लिए हों और हर नागरिक का मान-सम्मान सुरक्षित रहे।