हांसी (दिनकर गावड़ी):- सर्दी के मौसम में धुंध और कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने सभी वाहन चालकों से कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि सर्दियों के मौसम में सुबह और देर रात के समय धुंध अधिक होने के कारण सड़क पर आगे चल रहे वाहनों को देखना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान वाहन हमेशा धीमी गति से चलाएं और अपने वाहनों के आगे व पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगवाएं, ताकि कम दृश्यता में भी वाहन दूर से दिखाई दे सकें।
उन्होंने बताया कि हांसी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीमों द्वारा वाहन चालकों को धुंध के मौसम में सुरक्षित वाहन चलाने के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए जा रहे हैं। रिफ्लेक्टर टेप लगाने से पीछे और आगे से आने वाले वाहन चालकों को वाहन की स्थिति का समय रहते पता चल जाता है, जिससे संभावित सड़क हादसों को रोकने में मदद मिलती है।
कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय इन सावधानियों का रखें विशेष ध्यान :
- धुंध और कोहरे में वाहन की गति धीमी एवं नियंत्रित रखें।
- अपने वाहन के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगवाएं।
- कोहरे के दौरान लो-बीम हेडलाइट और फॉग लाइट का प्रयोग करें।
- आगे चल रहे वाहन से उचित एवं सुरक्षित दूरी बनाकर रखें।
- धुंध के दौरान जल्दबाजी में ओवरटेक करने से बचें।
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
- वाहन के इंडिकेटर और लाइट सही स्थिति में रखें।
- अत्यधिक धुंध होने पर अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
- सड़क पर वाहन रोकने की स्थिति में उसे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और पार्किंग लाइट का प्रयोग करें।
- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक धुंध के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर आगे व पीछे रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाएं।
- उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वयं भी सुरक्षित वाहन चलाएं और दूसरों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, क्योंकि आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकती है।
