घरौंडा, 27 नवंबर (प्रवीण वालिया):- घरौंडा नगरपालिका ने फुटपाथ पर अतिक्रमण करके शहर की व्यवस्था को बिगाड़ने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर दी है। नगरपालिका ने शुक्रवार को मुनादी करवाकर अतिक्रमणकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर दुकानदारों ने फुटपाथों से अपनी दुकानों के आगे लगे अस्थायी ढांचों को नहीं हटाया और फुटपाथों को खाली नहीं किया तो नगरपालिका इन अस्थायी ढांचों को खुद ही हटाएगी। इसके बाद संबंधित दुकानदार पर न सिर्फ कानूनी कार्रवाई होगी, बल्कि 5 से 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
शुक्रवार को नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा के निर्देश पर स्वच्छता मोटिवेटर रेणु भूषण, राजेश कुमार जोगी व राहुल कुमार ई-रिक्शा के साथ शहर के सर्विस रोड पर पहुंचे। उन्होंने सरकारी स्कूल से मुनादी शुरू की और उसके बाद पूरे सर्विस रोड पर जाकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि वे दो दिन में अपने ढांचे हटा लें और फुटपाथ खाली कर दें, अन्यथा नगरपालिका सख्त कार्रवाई करेगी।
वहीं दुकानदारों का कहना है कि यदि नगरपालिका कार्रवाई कर रही है तो सभी दुकानों के खिलाफ करे, ताकि सभी पर एक समान कार्रवाई हो और किसी को भी बख्शा न जाए। नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि नगरपालिका शहर में समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाती रहती है। इसी कड़ी में दो दिन पहले भी रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया है। दुकानदारों ने फुटपाथों पर भी अतिक्रमण किया हुआ है। उन्होंने न सिर्फ अपना सामान बाहर रखा हुआ है, बल्कि अस्थायी ढांचे भी बनाए हुए हैं।
नगरपालिका ने मुनादी के माध्यम से भी चेतावनी दी है कि दुकानदार फुटपाथों को खुद ही खाली कर दें, अन्यथा प्रशासन खुद उन्हें खाली करवाएगा और 5 से 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी करेगा। नगरपालिका सचिव ने कहा कि जिन लोगों ने शहर में बनी पेंटिंग पर अपने पोस्टर और बैनर लगाए हुए हैं, वे ऐसा न करें। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नगरपालिका के संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित थे।
