अंबाला, 27 नवंबर (आर. सिंह):- यात्रियों की आपातकालीन चिकित्सा देखभाल और सुरक्षा के लिए मंडल रेल प्रबंधक ने 1.52 करोड़ रुपये की लागत से 60 आपातकालीन मेडिकल बॉक्स वितरित किए और मंडल अस्पताल में एक नए मेडिकल केबिन की आधारशिला रखी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपातकालीन स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने यात्री ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर आपातकालीन मेडिकल बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

रेलवे बोर्ड और चिकित्सा निदेशालय के निर्देशों के साथ-साथ माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार अंबाला मंडल के लिए लगभग 1.52 करोड़ रुपये की लागत से कुल 60 आपातकालीन मेडिकल बॉक्स स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 23 मेडिकल बॉक्स विभिन्न यात्री ट्रेनों में उपलब्ध करवाए गए हैं, जबकि शेष 37 मेडिकल बॉक्स रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध करवाए जाने हैं।

ट्रेनों में रखे गए 23 मेडिकल बॉक्स चंडीगढ़, अंबाला छावनी, बठिंडा और कालका डिपो से चलने वाली चिन्हित यात्री ट्रेनों में उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि किसी यात्री के बीमार होने या चिकित्सा आपातकाल की स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके। इस व्यवस्था के तहत विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं। स्टेशन अधीक्षक/स्टेशन मास्टर स्टेशनों पर मेडिकल बॉक्स की सुरक्षित स्थापना और रखरखाव के लिए जिम्मेदार होंगे, जबकि संबंधित ट्रेन अधीक्षक/ट्रेन टिकट परीक्षक (टीटीई) मेडिकल बॉक्स के संरक्षक होंगे और ट्रेनों में उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

अंबाला मंडल में रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने मंडल रेलवे अस्पताल में नए मरीज केबिनों की आधारशिला रखी। इन नए केबिनों के निर्माण से अस्पताल में भर्ती मरीजों को बेहतर और अधिक आरामदायक चिकित्सा वातावरण मिलेगा। इससे अस्पताल में उपचार की सुविधा और अधिक आरामदायक होगी तथा मौजूदा चिकित्सा सुविधाएं और मजबूत होंगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। मंडल प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार उन्नत और विस्तारित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।