होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- सब्जी मंडी रहीमपुर की आढ़ती एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष रोहित सूद हनी एवं रवि के नेतृत्व में पंजाब भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन, पूर्व सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आढ़ती वर्ग को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत करवाते हुए उन्हें एक मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आढ़ती वर्ग की समस्याओं, हितों और कारोबार से जुड़ी आवश्यकताओं को भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में प्रमुखता से शामिल किया जाए, ताकि इस वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए उचित नीतिगत प्रावधान किए जा सकें।

खन्ना ने प्रतिनिधिमंडल की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं सुझावों को चुनाव घोषणा पत्र समिति के समक्ष रखा जाएगा, ताकि आढ़ती वर्ग की समस्याओं और मांगों पर उचित विचार किया जा सके। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष नितिन गुप्ता नन्नू, भाजपा आढ़ती सेल के अध्यक्ष सौरभ भोपाल, कुलवंत सिंह, राज कुमार, रिक्की, बलदेव सिंह, तरसेम, हरी चंद, बंटी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।