नवांशहर, 26 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर/हरसिमरन जोत सिंह कलेर):- जिला शहीद भगत सिंह नगर, नवांशहर को नया पुलिस मुखिया मिल गया है। आई.पी.एस. वत्सला गुप्ता ने आज जिला पुलिस मुखिया एस.एस.पी. नवांशहर के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है। पदभार संभालने के मौके पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से उनका शानदार स्वागत किया गया।
पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एस.एस.पी. वत्सला गुप्ता ने कहा कि जिले में नशों के खात्मे के लिए सख्त और लगातार अभियान चलाया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि अमन-कानून की स्थिति बहाल रखना और लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। एस.एस.पी. गुप्ता ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा हर शिकायत पर तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में आने वाले हर व्यक्ति की बात सुनी जाएगी और कानून के अनुसार इंसाफ दिलाया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, अनुशासन और लोक सेवा की भावना से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस और लोगों के सहयोग से काम किया जाएगा।
