संतोषगढ़/ऊना, 29 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री एवं नगर परिषद संतोषगढ़ के पार्षद इकबाल सिंह ने हिमाचल प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान कड़ा और कृपाण धारण करने के कारण सिख अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं दिए जाने की घटनाओं की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऊना और सोलन में परीक्षा देने पहुंचे सिख युवती और युवक को धार्मिक प्रतीक धारण करने के चलते परीक्षा से वंचित किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
इकबाल सिंह ने कहा कि सिख धर्म में कड़ा और कृपाण केवल आभूषण या सामान्य वस्तुएं नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और पहचान के प्रतीक हैं। इनका पालन सिख समुदाय की धार्मिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में परीक्षा नियमों की आड़ में किसी अभ्यर्थी को उसकी धार्मिक मान्यताओं के कारण परीक्षा देने से रोकना उचित नहीं है।
उन्होंने प्रदेश सरकार और भर्ती परीक्षा आयोजित करवाने वाले संबंधित विभाग से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की। साथ ही प्रभावित अभ्यर्थियों को परीक्षा देने का विशेष अवसर प्रदान करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि सरकार को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए, ताकि किसी भी समुदाय के अभ्यर्थी को धार्मिक प्रतीकों के कारण परेशानी न झेलनी पड़े।
इकबाल सिंह ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि धार्मिक सम्मान, समान अवसर और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है। सभी धर्मों की मान्यताओं का सम्मान होना चाहिए।
