होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- सर्दियों के मौसम में जब घरेलू रोजमर्रा के बहुत से काम बिजली के उपकरणों के बिना नहीं चल सकते, ऐसे समय में पंजाब सरकार द्वारा लंबे-लंबे बिजली कट लगाए जाने से लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने लंबे बिजली कटों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस समय पंजाब में बिजली का उत्पादन मांग के आधे से भी कम रह गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पांच थर्मल प्लांटों की बिजली उत्पादन क्षमता 5,660 मेगावाट है, जबकि इसके विपरीत केवल 2,471 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। सभी थर्मल प्लांटों में बिजली उत्पादन की 3,109 मेगावाट की कमी को पूरा करने के लिए सरकार के पास कोई विकल्प दिखाई नहीं दे रहा। सर्दियों के कारण बिजली की मांग बढ़कर लगभग 8,000 मेगावाट तक पहुंच चुकी है, जबकि सभी स्रोतों से केवल 2,927 मेगावाट बिजली ही प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि सबसे हैरानी की बात यह है कि सरकार बिजली उत्पादन बढ़ाने के मामले में बिल्कुल गंभीर दिखाई नहीं दे रही। थर्मल प्लांटों की 15 यूनिटों में से 6 बंद पड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के दौरान पंजाब को बिजली-अधिशेष राज्य बनाया गया था, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने बिजली प्रबंधन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बिजली बोर्ड की हजारों करोड़ रुपये की सब्सिडी का भुगतान न होने के कारण बिजली बोर्ड लड़खड़ाने लगा है तथा थर्मल प्लांट अपनी पूरी क्षमता से नहीं चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी द्वारा लोगों के साथ की गई ज्यादतियों का हिसाब आगामी चुनावों में जरूर लेगी।
