हांसी (दिनकर गावड़ी):- भाजपा संगठन में नव नियुक्त मोर्चा पदाधिकारियों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के उद्देश्य से आज भाजपा जिला कार्यालय हांसी में जिला अध्यक्ष अशोक सैनी की अध्यक्षता में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने जिला महामंत्री धर्मबीर रतेरिया की सहभागिता में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूलमालाएं पहनाकर एवं पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने-अपने मोर्चों को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मालिया, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष निशा श्योरान, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रमोद जैन, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष छतरपाल कापड़ो, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. श्री शर्मा तथा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामफल बूरा का अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में पद के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। भाजपा का प्रत्येक मोर्चा पार्टी की संगठनात्मक शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। मोर्चों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों के संगठन के प्रति पूर्व में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

इस मौके पर सभी नवनियुक्त प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों ने पार्टी के प्रदेश तथा जिला शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी दृढ़निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निभाएंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करते हुए भाजपा की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे तथा संगठन की विचारधारा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के सम्मान और पार्टी की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला सचिव ओमपाल यादव, जिला कार्यालय प्रभारी मनजीत सिंह जांगड़ा, जिला मीडिया प्रभारी विक्रम चोपड़ा, मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।