गढ़शंकर, 26 नवंबर (हरी कृष्ण गंगड़):- पंजाब भाजपा की घोषणापत्र समिति के चेयरमैन और पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने होशियारपुर में हुई बैठक के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा तैयार किया जाने वाला चुनावी घोषणा पत्र केवल पार्टी का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि यह पंजाब के लोगों की आशाओं, जरूरतों और सुझावों का प्रतिबिंब होगा।

उन्होंने बताया कि पंजाब भाजपा द्वारा 13 सदस्यीय घोषणापत्र समिति का गठन किया गया है, जिसे राज्य के प्रत्येक जिले में जाकर लोगों के साथ सीधा संवाद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए अलग-अलग सदस्यों को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।

कृषि, उद्योग, व्यापार, कारोबारियों, मजदूरों और कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव लेने के लिए विशेष समितियां बनाई गई हैं।

खन्ना ने बताया कि प्राप्त सुझावों की पहले स्क्रीनिंग समिति द्वारा जांच की जाएगी और फिर उन्हें ड्राफ्टिंग समिति को सौंपा जाएगा। पार्टी में विचार-विमर्श के बाद घोषणा पत्र लोगों के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसके तहत लोग टोल-फ्री फोन नंबर के माध्यम से अपने सुझाव दे सकेंगे। इसके अलावा, विशेष प्रचार वैन के माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से लिखित सुझाव भी एकत्र किए जाएंगे।