चंडीगढ़, 28 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में राहगीरी फाउंडेशन और नागारो फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर गुरुग्राम के बुनियादी ढांचे के विकास, सौंदर्यीकरण, शहरी आवागमन और सड़कों के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। बैठक में दोनों फाउंडेशनों के प्रतिनिधियों ने आधुनिक सड़कों के विकास, हरित क्षेत्रों को बढ़ाने और स्ट्रीट वेंडिंग को व्यवस्थित करने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव और नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने दोनों फाउंडेशनों से प्राप्त सुझावों पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में सनात रोड की तर्ज पर शहरी आवागमन के सिद्धांतों के अनुसार आधुनिक सड़कें विकसित की जाएं। इन सड़कों की डिजाइनिंग इस प्रकार की जाए कि वाहनों की सुचारू आवाजाही के साथ-साथ पैदल राहगीरों और साइकिल चालकों के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध हो। उन्होंने सभी सड़कों पर फुटपाथ की डिजाइन में एकरूपता बनाए रखने, पैदल यात्रियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने और जल निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की योजना केवल वाहनों की आवाजाही तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए अर्बन फॉरेस्ट की तर्ज पर नए स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर नए हरित क्षेत्र विकसित किए जा सकें। इसके साथ ही त्रिवेणी और मियावाकी पद्धति से पौधारोपण को भी प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सड़क विकास योजनाओं के साथ पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि शहर में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के साथ नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

बैठक में स्ट्रीट वेंडिंग को व्यवस्थित करने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुरुग्राम के सभी सेक्टरों में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर निर्धारित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को व्यवस्थित स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि उनका रोजगार भी प्रभावित न हो और फुटपाथों, सड़कों तथा ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की स्थिति भी पैदा न हो। इसके अलावा उन्होंने शहर में चार स्थानों पर सब्जी मंडियों के लिए उपयुक्त जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए, ताकि बाजारों को व्यवस्थित किया जा सके और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे। साथ ही मुख्यमंत्री ने हरियाणा की समृद्ध संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से शहर में संग्रहालय के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शहर में जहां भी सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है, वहां संबंधित विभाग और नगर निगम निर्माण के समय ही यूटिलिटी पाइप तथा आवश्यक डक्ट डालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इससे भविष्य में पेयजल, सीवरेज और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए बार-बार सड़कों की खुदाई नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पहले से आवश्यक प्रबंध करने से नागरिकों को होने वाली असुविधा से बचाया जा सकेगा और सरकारी धन की भी बचत होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभाग आपसी तालमेल से काम करें और गुरुग्राम के विकास में आधुनिक शहरी नियोजन तथा नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दें।

बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त यश जालुका और रविंद्र कुमार, राहगीरी फाउंडेशन से सारिका पांडा तथा नागारो फाउंडेशन के सीईओ मानस ह्यूमन भी मौजूद रहे।