अंबाला, 28 नवंबर (आर. सिंह):- अंबाला में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को रोकने और नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चिह्नित नशा हॉटस्पॉट क्षेत्रों में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न पुलिस टीमें संदिग्ध क्षेत्रों में पहुंचीं और घरों, सार्वजनिक स्थानों, कमरों, बेडरूम तथा रसोईघरों की तलाशी ली। बस स्टैंड के निकट स्थित होटलों और दुकानों की भी जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने अंबाला छावनी के महेश नगर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया, जिसमें मुख्य रूप से टांगरी नदी के निकट स्थित कॉलोनियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। विभिन्न पुलिस टीमों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान महेश नगर थाना पुलिस ने 100 से अधिक घरों की तलाशी ली। घरों के अंदर जाकर कमरों, बेडरूम और रसोईघरों सहित विभिन्न स्थानों की गहन जांच की गई। इस दौरान क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और नशीले पदार्थों की संभावित तस्करी के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।

घरों की तलाशी के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटर जब्त किया, जिन्हें जांच के दायरे में शामिल किया गया है। टांगरी नदी के आसपास की कॉलोनियों में की गई इस कार्रवाई को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष पुलिस अभियान के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल नेटवर्क की पहचान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।