बलाचौर, 28 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता गुज्जर रेलमाजरा ने कहा कि पंजाब को दोबारा तरक्की के रास्ते पर लाने के लिए अकाली-भाजपा गठबंधन की डबल इंजन वाली सरकार बनना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की घोषणा के बाद पूरे पंजाब में लोगों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग अब स्वयं 2027 के चुनावों का इंतजार कर रहे हैं।

गुज्जर रेलमाजरा ने कहा कि जब-जब भी पंजाब में अकाली-भाजपा की सरकार बनी है, तब-तब पंजाब ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। सड़कों, पुलों, मंडियों, स्कूलों, अस्पतालों और गांवों के विकास के लिए उस समय जो काम हुए, उनकी मिसाल आज भी दी जाती है। मौजूदा सरकार के शासन में विकास ठप हो गया है, लेकिन गठबंधन की सरकार बनने से विकास की रफ्तार फिर तेज होगी।

उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा नंगल स्थित एनएफएल के बंद पड़े प्लांट को दोबारा चालू करवाने के फैसले का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई हजार करोड़ रुपये के इस प्लांट को फिर से चालू करवाकर बहुत बड़ा काम किया है। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। यही डबल इंजन सरकार का लाभ है कि जब केंद्र और राज्य में एक जैसी सोच वाली सरकार हो, तो बड़े फैसले जल्दी होते हैं।

वरिष्ठ अकाली नेता ने कहा कि लोग अब झूठे वादों और गारंटियों से तंग आ चुके हैं। लोगों को अब ऐसी सरकार चाहिए जो कहे कम और करे ज्यादा। अकाली-भाजपा गठबंधन ने हमेशा पंजाब, पंजाबी भाषा और पंजाबियत की बात की है और आने वाले समय में भी किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों तथा हर वर्ग का कल्याण ही इसकी प्राथमिकता होगी।

अंत में गुज्जर रेलमाजरा ने दावा किया कि 2027 में पंजाब में शिरोमणि अकाली दल-भाजपा की डबल इंजन सरकार बनेगी और पंजाब फिर से खुशहाली तथा तरक्की की ओर बढ़ेगा।