होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा संचालित बीबीएमबी अस्पताल, तलवाड़ा में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना) एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए बोर्ड के मुख्य अभियंता राकेश गुप्ता ने बताया कि बीबीएमबी अस्पताल, तलवाड़ा पंजाब के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों तथा पंजाब से सटे हिमाचल प्रदेश के इलाकों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत अब पात्र लाभार्थी इस अस्पताल में निर्धारित पैकेजों के अनुसार कैशलेस एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य अभियंता ने बताया कि अस्पताल में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, आंखों के ऑपरेशन, हड्डियों एवं दांतों से संबंधित बीमारियों के लिए योजना के अंतर्गत कवर किए गए उपचार पैकेजों की सुविधा उपलब्ध है। मरीजों की सहायता के लिए अस्पताल में आरोग्य मित्र भी तैनात किया गया है, जो लाभार्थियों को योजना संबंधी जानकारी देने के साथ-साथ स्वास्थ्य कार्ड बनवाने तथा उपचार की प्रक्रिया में हरसंभव सहायता प्रदान करता है।

उन्होंने आगे बताया कि पंजाब के पात्र निवासी स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनवाने संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए अस्पताल में तैनात आरोग्य मित्र से संपर्क कर सकते हैं। जिन लाभार्थियों के पास पहले से ही प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का कार्ड उपलब्ध है, वे भी योजना के निर्धारित नियमों एवं पात्रता के अनुसार यहां निःशुल्क उपचार करवा सकते हैं।

अंत में श्री राकेश गुप्ता ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे बीबीएमबी अस्पताल, तलवाड़ा में उपलब्ध इन स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस संबंध में अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए अस्पताल में तैनात आरोग्य मित्र से संपर्क किया जा सकता है।