करनाल, 25 नवंबर (प्रवीण वालिया):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध नशे की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बुटाना के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी नीलोखेड़ी की टीम ने नशा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.49 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टैक्सी गाड़ी भी बरामद की है।

इस संबंध में चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि देर रात वह पुलिस टीम के साथ बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक गाड़ी में सवार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4.49 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र ऋषि कुमार निवासी नीलोखेड़ी, जिला करनाल तथा शुभम पुत्र मंगल सिंह निवासी गांव शिकरी, जिला करनाल के रूप में की है।

इस संबंध में 24 नवंबर 2026 को थाना बुटाना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा सके।