करनाल, 25 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिले के स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित पुलिस गश्त की जा रही है। विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के खुलने एवं छुट्टी होने के समय पुलिस टीमों द्वारा अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में रेलवे रोड, बस स्टैंड क्षेत्र सहित छात्राओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों और प्रमुख रास्तों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस टीमों द्वारा इन क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है, ताकि छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाया जा सके और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार छात्राओं पर फब्तियां कसने, उनका पीछा करने, छेड़छाड़ करने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस ने कहा कि छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा करनाल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित गश्त सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की यह विशेष गश्त निरंतर जारी रहेगी, ताकि छात्राएं बिना किसी भय के सुरक्षित वातावरण में अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
