साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- खरड़ विधानसभा क्षेत्र में पीने के पानी की सप्लाई को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में पंजाब यूथ विकास बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने डिप्टी कमिश्नर अदित्य डचलवाल के साथ डीसी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ शहर को पीने के पानी की सप्लाई शुरू करने के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ शहर को बहुत जल्द पानी की सप्लाई उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे शहर में पीने के पानी की उपलब्धता में सुधार होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा बैठक में खरड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं तथा लोगों को पेश आ रही समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को समय पर पूरा करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने संबंधी विचार साझा किए गए।
परमिंदर सिंह गोल्डी ने जानकारी देते हुए कहा कि खरड़ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कजौली वाटर वर्क्स से खरड़ शहर को जल्द पानी की सप्लाई शुरू होने से शहरवासियों को पीने के पानी की सुविधा में और सुधार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह खरड़ शहर के विकास और लोगों की सुविधा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर अदित्य डचलवाल, एसडीएम खरड़ गुरमीत सिंह, नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) अशोक पथरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
