“सतिगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जगि चानणु होआ”
हरोली/ऊना, 27 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- दशमेश पब्लिक स्कूल, गुरपलाह साहिब, ऊना, हिमाचल प्रदेश में 23 नवंबर 2026 को धन-धन श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित गुरमत समागम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से संगत में बैठकर श्री जपुजी साहिब की पांच पौड़ियों का पाठ किया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों ने कविताओं, कविशरी और शब्द कीर्तन के माध्यम से अपनी हाजिरी लगवाई। धार्मिक अध्यापक भाई गुरलाभ सिंह ने इस पावन दिवस के इतिहास एवं महत्व से विद्यार्थियों को अवगत करवाया और उन्हें श्री गुरु नानक देव जी के जीवन एवं शिक्षाओं के बारे में बताया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल दलविंदर कौर ने सभी को गुरुपर्व की हार्दिक बधाई दी तथा विद्यार्थियों को गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में सर्वजन के कल्याण एवं सुख-शांति की कामना करते हुए सरबत के भले की अरदास की गई।
