चंडीगढ़, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग तथा हरियाणा नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (हरेडा) द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार (एसएलईसीए-2026) प्रदान किए जाएंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश में ऊर्जा दक्षता और टिकाऊ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ये पुरस्कार विभिन्न निर्धारित श्रेणियों में दिए जाएंगे। इनमें अधिकतम 2 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि का प्रावधान है।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इन पुरस्कारों के लिए एमएसएमई सहित विभिन्न उद्योगों, वाणिज्यिक, सरकारी एवं संस्थागत भवनों तथा ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों आदि; नवाचार, नई तकनीक और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) परियोजनाओं; सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा ऑडिटिंग; ग्रीन बिल्डिंग और ईसीबीसी लागू करने वाली फर्मों या एजेंसियों तथा डिस्कॉम के सब-स्टेशनों की श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक आवेदकों को अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन माध्यम से आधिकारिक पोर्टल https://app.haredasleca.in पर जमा करवाने होंगे। ऑनलाइन आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 23 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ आवेदक को अपने आवेदन की एक प्रति संबंधित जिले के अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के कार्यालय में भी जमा करवानी होगी।
इस योजना या आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए अक्षय ऊर्जा भवन, इंस्टीट्यूशनल प्लॉट नंबर-1, सेक्टर-17, पंचकूला स्थित हरेडा कार्यालय के टेलीफोन नंबर 0172-2566533, 2587233 या ईमेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।
