चंडीगढ़, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को घर के नजदीक बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), उप-स्वास्थ्य केंद्रों (एसएचसी) और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिटों (बीपीएचयू) को मजबूत करने से आम लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को और मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि करनाल के पोपड़ा, उपलाना और जलमाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा यमुनानगर के चमरोड़ी में उप-स्वास्थ्य केंद्र और प्रताप नगर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण कार्यों की संशोधित आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 170.32 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई है, ताकि इन परियोजनाओं को और गति दी जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही इन स्वास्थ्य संस्थानों का लाभ मिल सके।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित जिलों के सिविल सर्जनों से संशोधित रफ कॉस्ट एस्टीमेट प्राप्त हुए हैं। इन्हें स्थल की आवश्यकताओं और संशोधित लागत अनुमानों के आधार पर संबंधित जिला परिषदों के कार्यकारी अभियंताओं द्वारा तैयार किया गया है।
विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यमुनानगर जिले के एसएचसी चमरोड़ी के निर्माण कार्य के लिए पहले जारी की गई 55.50 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी के मुकाबले संशोधित लागत 88.71 लाख रुपये अनुमानित की गई है, जिसके लिए 33.21 लाख रुपये की अतिरिक्त मंजूरी की आवश्यकता है। इसी प्रकार, यमुनानगर के ही सीएचसी प्रताप नगर स्थित बीपीएचयू के लिए पहले 50.00 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। इसकी संशोधित लागत 55.85 लाख रुपये होने के कारण 5.85 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है।
इसके अलावा, करनाल जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत पीएचसी पोपड़ा के निर्माण कार्य के लिए पहले दी गई 424.67 लाख रुपये की प्रशासनिक मंजूरी के मुकाबले संशोधित लागत 467.01 लाख रुपये हो गई है, जिसके लिए 42.34 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है। वहीं, पीएचसी उपलाना के लिए पहले दी गई 418.71 लाख रुपये की मंजूरी के मुकाबले संशोधित लागत 476.01 लाख रुपये होने के कारण 57.3 लाख रुपये की अतिरिक्त मंजूरी तथा पीएचसी जलमाना के लिए पहले दी गई 435.18 लाख रुपये की मंजूरी के मुकाबले संशोधित लागत 466.80 लाख रुपये होने के कारण 31.62 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता बताई गई है।
