चंडीगढ़, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुकुल में पढ़ रहे विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे वेदों की ऋचाओं का ज्ञान प्राप्त करने के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान और तकनीक में भी निपुण बनें तथा विकसित हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर परिसर के श्री मुक्ति नाथ वेद विद्याश्रम (संस्कृत गुरुकुल) के रजत जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्कृत गुरुकुल के विकास और शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 21 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने गुरुकुल परिसर में मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित हवन में भाग लिया और आहुतियां अर्पित कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल के 25 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाने के साथ-साथ हमें आने वाले 25 वर्षों के लिए भी नए संकल्प लेने होंगे। जब यह गुरुकुल अपनी स्वर्ण जयंती मनाएगा, तब तक भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका होगा। विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए 25 वर्षों का सफर पूरा करना उसकी तपस्या, त्याग, समर्पण तथा उच्च आदर्शों और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह उपलब्धि संस्थान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के सामूहिक प्रयासों और निरंतर साधना का परिणाम होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मुक्ति नाथ वेद विद्याश्रम एक ऐसी पाठशाला है, जहां चरित्रवान और संस्कारवान नागरिक तैयार किए जाते हैं। इसने पिछले 25 वर्षों में विद्यार्थियों को वैदिक मंत्रों और शास्त्रों का मौखिक ज्ञान देने के साथ-साथ उनके भीतर देशभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना और उच्च नैतिक चरित्र का निर्माण भी किया है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी आज देश और दुनिया के कोने-कोने में भारतीय संस्कृति के ध्वजवाहक बनकर समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के युग में भी गुरुकुलों और संस्कृत की विशेष प्रासंगिकता बनी हुई है। जब भी मानवता मानसिक अशांति, नैतिक पतन या पर्यावरण संकट के अंधकार में भटकी है, तब उसे मार्ग दिखाने का कार्य इन गुरुकुलों और वेदों के ज्ञान ने ही किया है। संस्कृत केवल पूजा-पाठ या कर्मकांड की भाषा नहीं है, बल्कि यह विज्ञान, गणित, खगोलशास्त्र, आयुर्वेद, योग और जीवन प्रबंधन के ज्ञान का असीम भंडार है।

गुरुकुल में सेवा भावना से किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यहां विद्यार्थियों को संस्कृत शिक्षा के साथ-साथ रहने और भोजन की सुविधा भी निःशुल्क दी जाती है। विभिन्न राज्यों और यहां तक कि नेपाल से भी विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए बच्चे एक साथ रहते हैं, एक साथ पढ़ते हैं और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहना सीखते हैं, जिससे सामाजिक सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि इस गुरुकुल में बच्चे वेद, संस्कृत व्याकरण, दर्शन और साहित्य पढ़ते हैं। इसके साथ ही वे हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और कंप्यूटर की शिक्षा भी प्राप्त करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार देववाणी संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन और व्यावहारिक प्रसार के लिए बहुआयामी प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार स्कूलों में त्रिभाषा सूत्र लागू करके विद्यार्थियों को संस्कृत पढ़ने का विकल्प दिया गया है। सरकारी कॉलेजों में भी संस्कृत एक विषय के रूप में पढ़ाई जाती है। उच्च शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के लिए कैथल के मुंदड़ी में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। इसके साथ ही माता मनसा देवी के इसी पवित्र परिसर में सरकारी संस्कृत कॉलेज खोला गया है, जिसके भवन का निर्माण 22 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, 'हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी' के संस्कृत प्रकोष्ठ के माध्यम से विद्वानों और साहित्यकारों को प्रतिष्ठित सम्मान राशि दी जा रही है, पांडुलिपि प्रकाशन अनुदान प्रदान किया जा रहा है तथा प्रदेशभर में संस्कृत ज्ञान-विज्ञान के सेमिनार और व्याख्यान शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शास्त्री और आचार्य पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी दी जाती है। इसके अलावा संस्कृत प्रकोष्ठ द्वारा 'हरिप्रभा' शोध-पत्रिका का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है। युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए गीता जयंती महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस समाज की जड़ें अपनी संस्कृति में गहरी होती हैं, वही समाज विकास के आकाश में सबसे ऊंची उड़ान भर सकता है।

गुरुकुल के संस्थापक आचार्य स्वामी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि गुरुकुल का अर्थ है 'गुरु का कुल'। गुरु वह होता है, जो शिष्य को अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान रूपी प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल से शिक्षा प्राप्त कर 460 से अधिक विद्यार्थी सरकारी क्षेत्र में उच्च पदों पर अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ देश-विदेश में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का परचम लहरा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गुरुकुल शिक्षण संस्थान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाना, उनमें सेवा और समर्पण की भावना विकसित करना तथा समाज सेवा के माध्यम से देश के नव-निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

स्वामी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि संस्कृत भाषा भारतीय संस्कृति और सभ्यता का आधार है तथा यह समाज के लिए प्राणवायु के समान है। उन्होंने लोगों से संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए आगे आने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंचकूला स्थित गुरुकुल की तर्ज पर अन्य जिलों, राज्यों और देशभर में भी गुरुकुल स्थापित किए जाने चाहिए, ताकि भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कारों का व्यापक प्रसार हो सके।

इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, मेयर श्याम लाल बंसल, डिप्टी कमिश्नर सतपाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर कालका के सचिव पृथ्वी राज सहित ईश्वर चंद्र जिंदल, गुरुकुल प्रबंधन समिति के संरक्षक दिनेश सिंगला, अध्यक्ष मुकुल बंसल, उपाध्यक्ष राकेश बंसल, सचिव जैकिशन सिंगल, कोषाध्यक्ष जनकराज गुप्ता तथा गुरुकुल प्रबंधन समिति के अन्य पदाधिकारी, विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित थे।