चंडीगढ़, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर आवास पर हिसार के हांसी क्षेत्र के ढाणा कलां गांव की होनहार मुक्केबाज गुंजन को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। गुंजन ने सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलंपिक 2026 की बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। इससे पहले भी गुंजन ने 2026 अंडर-19 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप (जकार्ता, इंडोनेशिया) और 2026 वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर कप (बैंकॉक, थाईलैंड) में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गुंजन की असाधारण प्रतिभा, अनुशासन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्णिम सफलता हासिल करके यह साबित कर दिया है कि हरियाणा की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गुंजन की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा है।
हरियाणा की खेल नीति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पारदर्शी और खिलाड़ी-हितैषी खेल नीति के कारण आज हरियाणा देश में खेलों का पावरहाउस बन चुका है। खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से ही आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, खेल नर्सरियां और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पदक पुरस्कार राशि समय पर उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी चिंता के केवल अपने खेल और बेहतरीन प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गुंजन और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस सम्मान समारोह के दौरान हांसी के विधायक श्री विनोद भयाना, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल, खेल निदेशक श्री शक्ति सिंह, अतिरिक्त निदेशक श्री अश्वनी मलिक और गुंजन के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।
