होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- देश के विभिन्न शहरों में आयोजित हो रही फुटबॉल क्लबों की प्रतिष्ठित इंडियन सुपर फुटबॉल लीग में श्री गुरु गोबिंद सिंह खालसा कॉलेज माहिलपुर के छात्र एवं गांव मुग्गोवाल निवासी हरमनदीप सिंह के चेन्नई क्लब की ओर से खेलने पर कॉलेज और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

इस उपलब्धि पर कॉलेज के प्रिंसिपल एवं पंजाब फुटबॉल एसोसिएशन, जिला होशियारपुर के अध्यक्ष डॉ. परविंदर सिंह, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रमुख डॉ. राज कुमार, कोच हरिंदर सन्नी, डॉ. जतिंदर कुमार, सेवानिवृत्त डीएसपी परमजीत सिंह तथा समस्त स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. परविंदर सिंह ने बताया कि हरमनदीप सिंह कॉलेज की टीम और प्रिंसिपल हरभजन सिंह स्पोर्टिंग क्लब की ओर से अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। अब देश के शीर्ष फुटबॉल क्लब की ओर से उनका खेलना संस्थान के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि गांव मुग्गोवाल की फुटबॉल खिलाड़ी मनीषा पहले ही देश-विदेश में अपने गांव और माहिलपुर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं। अब हरमनदीप सिंह ने भी अपनी खेल प्रतिभा से भारत के नक्शे पर माहिलपुर का नाम फिर चमका दिया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय हरमनदीप सिंह की मेहनत और उनके प्रशिक्षकों को दिया।

डॉ. परविंदर सिंह ने बताया कि हरमनदीप सिंह के पंजाब लौटने पर खालसा कॉलेज माहिलपुर की प्रबंधक समिति और पंजाब फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से उनका विशेष सम्मान किया जाएगा।

शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रमुख डॉ. राज कुमार ने कहा कि हरमनदीप सिंह कॉलेज की अकादमी के भी प्रमुख खिलाड़ी रहे हैं और मिडफील्डर के रूप में अपने शानदार खेल के बल पर लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों प्रो. प्रिया, प्रो. अनुदीप, प्रो. सिमरनजीत सिंह और प्रो. रोहित पुरी ने भी हरमनदीप सिंह को शुभकामनाएं दीं।