मॉडल टाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन रतिया द्वारा एस डी एम को ज्ञापन
रतिया, 27 अगस्त:- मॉडल टाउन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन रतिया के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान सतपाल मंगला के नेतृत्व में मॉडल टाउन में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के सचिव विनोद जैन, राम कुमार मेहता एवं लीला कृष्ण जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने बताया कि मॉडल टाउन में सप्लाई होने वाला पानी कई बार मटमैला,बदबूदार और रेत मिश्रित आता है। जिसे पीना तो दूर रोजमर्रा के उपयोग लायक भी नहीं है। दूषित जल के कारण क्षेत्रवासियों में जलजनित बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
एसोसिएशन ने प्रशासन से पानी की सप्लाई व्यवस्था की तत्काल जांच कर पाइपलाइनों की सफाई करवाई जाए तथा पानी के सैंपल लेकर लैबोरेट्री में जांच करवाई जाए।एसोसिएशन के प्रधान सतपाल मंगला ने कहा कि लोगों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाना प्रशासन का नैतिक दायित्व है। अगर समय रहते दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आमजन के स्वास्थ्य पर गहरा संकट आ सकता है।
इसके साथ ही एसोसिएशन ने मॉडल टाउन की जलापूर्ति एवं सीवरेज व्यवस्था को स्थायी रूप से एक ही विभाग के अधीन करने की मांग भी दोहराई। एसोसिएशन का कहना है कि एक ही विभाग के पास पूरी व्यवस्था होने से जवाबदेही तय होगी और समस्याओं का स्थायी समाधान बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा मॉडल टाउनवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दूषित पेयजल की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा।
