गमाडा मंत्री के इस्तीफे की मांग तहबाजारी विभाग की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
मोहाली, 27 अगस्त:- शिरोमणि अकाली दल हलका मोहाली के मुख्य सेवादार एवं जिला प्रधान परविंदर सिंह सोहाना ने आम आदमी पार्टी के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग द्वारा गमाडा की कार्यप्रणाली पर उठाए गए सवालों के बाद संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
सोहाना ने कहा कि जब सत्तारूढ़ पार्टी का अपना सांसद गमाडा में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहा है, तो सरकार को मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सैणी माजरा में कथित चयनात्मक कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई के क्या मापदंड हैं और क्या सभी मामलों में समान नियम लागू किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद मलविंदर सिंह कंग को केवल बयान देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ऐलान के मुताबिक गमाडा कार्यालय के सामने धरना देकर निष्पक्ष जांच के लिए सरकार पर दबाव बनाना चाहिए। सोहाना ने कहा कि कंग को इस मुद्दे को अंजाम तक पहुंचाकर जनता के सामने तथ्य रखने चाहिए। उन्होंने सरकार से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की।
**तहबाजारी विभाग पर भी सवाल
सोहाना ने मोहाली नगर निगम के तहबाजारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह अवैध कब्जों के खिलाफ हैं, लेकिन कार्रवाई सभी के खिलाफ समान रूप से होनी चाहिए। किसी एक दुकानदार या रेहड़ी वाले के खिलाफ कार्रवाई कर उसके साथ लगे अन्य कब्जों को छोड़ना पक्षपात की भावना पैदा करता है।
उन्होंने कुछ स्थानों पर कार्रवाई से पहले सूचना मिलने और चयनात्मक कार्रवाई की शिकायतों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। सोहाना ने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर तहबाजारी विभाग से जुड़ी कथित अनियमितताओं और घोटालों की विजिलेंस स्तर पर जांच करवाई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों या अन्य लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
