फर्जी रजिस्ट्रियों का मामला कष्ट निवारण समिति की बैठक में गूंजा

करनाल, 26 अगस्त- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक हुई। बैठक में 12 परिवादों में से 7 का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि 5 मामलों की उच्च अधिकारियों से पुनः जांच कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का ध्येय आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है और अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें।
बैठक में पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में कब्जे हटाने के निर्देश दिए गए। वेतन न मिलने की शिकायत पर न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। सेक्टर-7 निवासी विजय कुमार के प्लॉट से नगर निगम द्वारा सड़क निकालने के मामले में अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-43 से संबंधित शिकायत पर एडीसी को पुनः जांच के आदेश दिए गए।
निसिंग निवासी लवप्रीत सिंह की पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर निशानदेही कर रिपोर्ट मांगी गई। असंध निवासी गुरमीत सिंह की जमीन की कथित फर्जी रजिस्ट्री के मामले में तहसीलदार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया है। मंत्री ने रजिस्ट्री रद्द कराने के लिए नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भालसी निवासी सुनीता की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री के मामले में भी जांच के आदेश दिए गए। माइनिंग से संबंधित मुआवजे के मामले में दस्तावेज प्रस्तुत करने और उचित मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि सरकार के पास चीनी का पर्याप्त स्टॉक है और जरूरत पड़ने पर बाहर से चीनी मंगवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम नहीं बढ़ने दिए जाएंगे। विधानसभा सत्र 27 अगस्त से शुरू होने की जानकारी देते हुए उन्होंने सकारात्मक माहौल की उम्मीद जताई।
उन्होंने राइस मिलरों की समस्याएं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष रखने की जानकारी दी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को कर्तव्य निभाते हुए अपनी बात रखनी चाहिए और स्वच्छ भारत की जिम्मेदारी सभी की है।
मंत्री ने दावा किया कि आगामी समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। बैठक में विधायक रामकुमार कश्यप, जगमोहन आनंद, योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, मेयर रेनू बाला गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।