बच्चों को दांतों की नियमित सफाई और देखभाल के लिए किया जागरूक
रतिया, 26 अगस्त:- लायंस क्लब रतिया सिटी की टीम समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सेवा कार्यों में जुटी हुई है। इसी कड़ी में बुधवार को गवर्मेंट मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल, रतिया में दंत चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. सागर मेहता ने स्कूल के बच्चों के दांतों की जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि कई बच्चे अपने दांतों की उचित देखभाल नहीं कर रहे हैं। अनेक बच्चों के दांतों में कैविटी के साथ-साथ कालापन और पीलापन भी पाया गया। डॉ. सागर मेहता ने बच्चों को दांतों की नियमित सफाई के प्रति जागरूक करते हुए रोजाना टूथपेस्ट से अच्छी तरह दांत साफ करने तथा मौखिक स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। सभी बच्चों को एक टूथब्रश और पेस्ट निशुल्क दिया गया।
जिन बच्चों के दांतों में समस्या पाई गई, उनके नाम नोट किए गए। स्कूल अध्यापकों से आग्रह किया गया कि संबंधित बच्चों के अभिभावकों को बुलाकर दांतों की स्थिति से अवगत करवाया जाए, ताकि समय रहते उनका उचित उपचार करवाया जा सके।
इस अवसर पर रीजन चेयरमैन लॉयन प्रदीप बंसल और क्लब अध्यक्ष लाइन गोपाल चंद कुलरियाँ ने क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर 10 अध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा।10 सितंबर को गौशाला में हरा चारा सेवा की जाएगी। अक्टूबर माह में दिव्यांगजनों के लिए एक बड़ा सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 12 नवंबर को विशाल नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर लगाया जाएगा, जिसमें जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष लॉयन विजय ग्रोवर, लॉयन बीरभान बंसल, लॉयन बिपन बंसल, लॉयन राज कुमार खंडू, रिटायर्ड अध्यापक पवन कुमार सिंगला सहित स्कूल स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा और समाज में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश पहुंचाना क्लब का निरंतर प्रयास है।
