नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ऊना में जागरूकता कार्यशाला आयोजित

ऊना, 29 अगस्त:- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना, हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति तथा हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज़ के आपसी सहयोग से कल्याण भवन ऊना के सभागार में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में शिक्षा विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों, उद्योग विभाग, पुलिस विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान समाज को नशामुक्त बनाने तथा नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को जागरूक करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में नशा निवारण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के सदस्यों सत्यवान पुंडीर, डॉ. रवि भूषण एवं सुमित्रा चन्देल द्वारा प्रदान की गई। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों, नशे से बचाव तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा सकने वाले प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने भी उपस्थित प्रतिनिधियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया तथा नशा मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
साथ ही, कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।