इस डिजिटल युग में बचपन का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। आधुनिक शिक्षा का दबाव, तकनीकी प्रगति और सोशल मीडिया की बढ़ती पहुंच ने बच्चों के जीवन को काफी प्रभावित किया है। बचपन, जिसे कभी खेलने, हंसने, कल्पना करने और नई चीजें सीखने का समय माना जाता था, अब प्रतिस्पर्धा, उम्मीदों और जिम्मेदारियों से घिरता जा रहा है। बच्चों पर पढ़ाई में अच्छे परिणाम लाने का दबाव पहले से कहीं अधिक है। स्कूल का काम, टेस्ट, ट्यूशन और अन्य गतिविधियां उनकी रोजमर्रा की समय-सारिणी का बड़ा हिस्सा बन गई हैं। माता-पिता भी चाहते हैं कि उनके बच्चे पढ़ाई के साथ खेलों और अन्य क्षेत्रों में भी आगे रहें। इस प्रतिस्पर्धा में बच्चों के लिए अपनी मर्जी से खेलने, दोस्तों के साथ समय बिताने और नई चीजों की खोज करने के लिए बहुत कम समय बचता है। शिक्षा का मकसद सिर्फ अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों का सामाजिक, भावनात्मक और रचनात्मक विकास भी होना चाहिए।
आधुनिक शिक्षा में सोचने, समस्याओं के समाधान खोजने और नए कौशल सीखने पर जोर देना अच्छी बात है। पर इसके साथ बच्चों की कल्पना, खेल और रचनात्मकता को भी बराबर महत्व मिलना चाहिए। बच्चे सिर्फ किताबों और कक्षाओं के माध्यम से ही नहीं सीखते, बल्कि खेलते हुए, गलतियां करते हुए और अपने आस-पास की चीजों को समझते हुए भी बहुत कुछ सीखते हैं। यदि उनका हर समय किसी न किसी काम के लिए तय कर दिया जाए तो उनकी स्वाभाविक सीखने की इच्छा और सोचने की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है। तकनीकी प्रगति ने भी बच्चों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
मोबाइल फोन, टैबलेट और इंटरनेट के माध्यम से उन्हें दुनिया भर की जानकारी आसानी से मिल जाती है। इसके कई लाभ हैं, पर इसका अनावश्यक और अनियंत्रित उपयोग चिंता का विषय भी है। बच्चे छोटी उम्र में ही ऐसी सामग्री देखने और पढ़ने लगते हैं, जो उनकी उम्र और समझ के अनुकूल नहीं होती। इससे बचपन और वयस्क जीवन के बीच की हद धुंधली होने लगती है। कई बार बच्चे ऐसे विषयों और सामाजिक मुद्दों के बारे में चिंतित होने लगते हैं, जिन्हें समझने के लिए उन्हें अभी और समय और सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है।
सोशल मीडिया का प्रभाव भी इस बदलाव का एक अहम कारण है। छोटी उम्र से ही बच्चे दूसरों की तस्वीरों, रहन-सहन और जीवन शैली से अपनी तुलना करने लगते हैं। लाइक्स, टिप्पणियों और साझा की गई तस्वीरों के माध्यम से मिलने वाली स्वीकृति उनके लिए महत्वपूर्ण बन जाती है। कई बच्चे दूसरों की तरह दिखने या उनके जैसी जिंदगी जीने की कोशिश करते हैं। इस कारण उनमें हीन भावना, चिंता और खुद को साबित करने का दबाव होता है।
इंटरनेट पर दिखाई जाने वाली जिंदगी हमेशा असली नहीं होती, पर बच्चों के लिए इस अंतर को समझना आसान नहीं होता। इसके अलावा, सामाजिक अपेक्षाएं भी बच्चों पर असर डालती हैं। माता-पिता अक्सर अपने बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए उन्हें हर क्षेत्र में आगे देखना चाहते हैं। इस इच्छा में कई बार वे बच्चों की उम्र, रुचि और क्षमता से अधिक उम्मीदें रख लेते हैं। कुछ बच्चों को घर की जिम्मेदारियों के साथ पारिवारिक समस्याओं का भावनात्मक बोझ भी झेलना पड़ता है।
इन सभी दबावों का असर बच्चों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर होता है। लगातार प्रतिस्पर्धा, उम्मीदों और तुलना के कारण उनमें तनाव, चिड़चिड़ापन और आत्मविश्वास की कमी पैदा हो सकती है। यदि बच्चों को खुलकर खेलने, अपनी पसंद की गतिविधियां करने और अपनी भावनाएं व्यक्त करने का मौका न मिले तो उनका स्वाभाविक विकास प्रभावित होता है। बचपन में मिलने वाले ऐसे अनुभव ही आगे चलकर व्यक्ति की सोच, स्वभाव और रिश्तों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। स्कूलों को पढ़ाई के साथ खेलों, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी उचित समय देना चाहिए।
बच्चों पर अनावश्यक टेस्ट और होमवर्क का बोझ कम करने के साथ उनकी सीखने की रुचि को प्रोत्साहित करना जरूरी है। माता-पिता को भी बच्चों की तुलना दूसरों से करने की बजाय उनकी रुचियों और क्षमताओं को समझना चाहिए। मोबाइल और इंटरनेट के उपयोग के लिए उम्र के अनुसार सीमाएं तय करना और बच्चों के साथ खुलकर बातचीत करना भी महत्वपूर्ण है। बचपन मानव जीवन का एक अनमोल चरण है, जिसे प्रतिस्पर्धा और उम्मीदों की भेंट नहीं चढ़ाना चाहिए। बच्चों को सिर्फ भविष्य के कामयाब व्यक्ति बनाने की तैयारी करवाना ही काफी नहीं, बल्कि उन्हें आज एक खुशहाल बचपन देना भी जरूरी है।
- दविंदर कुमार
