होशियारपुर- जिला स्वीप नोडल अधिकारी अंकुश शर्मा ने आज जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के स्वीप नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की तथा उन्हें राष्ट्रीय मतदाता दिवस को समर्पित ‘पंजाब चुनाव क्विज-2025’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील करते हुए कहा कि रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है। बिना वैध दस्तावेजों के रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) पंजाब द्वारा ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ को समर्पित ‘पंजाब चुनाव क्विज-2025’ का आयोजन किया जा रहा है।
अंकुश शर्मा ने बताया कि ‘पंजाब इलेक्शन क्विज-2025’ के अंतर्गत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन मुकाबलों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 17 जनवरी 2025 तक करवाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन क्विज मुकाबला 19 जनवरी 2025 को करवाया जाएगा और राज्य स्तरीय ऑफलाइन मुकाबला 24 जनवरी 2025 को करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में ऑनलाइन मुकाबले के अंतर्गत जिला स्तर पर विजेताओं की पहचान की जाएगी और अंतिम ऑफलाइन मुकाबला 24 जनवरी 2025 को लुधियाना में 23 जिलों के विजेताओं के बीच करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजाब इलेक्शन क्विज-2025 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन https://punjab.indiastatquiz.com/ पर करवाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड और स्कूल/कॉलेज से जारी पहचान पत्र जमा करवाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विजेताओं को सीईओ पंजाब की तरफ से मोबाइल, लैपटॉप समेत कई आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। इस मौके पर चुनाव आयुक्त दीपक कुमार, हरप्रीत कौर, लखबीर सिंह, मेघा मेहता भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस को समर्पित ‘पंजाब चुनाव क्विज-2025’ में युवा अधिक से अधिक संख्या में भाग लें
