ऊना, 18 जून:- बाल विकास परियोजना ऊना के अंतर्गत पर्यवेक्षक वृत्त बसाल के आंगनवाड़ी केंद्र लोअर बसाल में गुरुवार को पर्यवेक्षक कुलवीर कौर की अध्यक्षता में समर कैंप रेडीनेस मेला-1 का आयोजन किया गया।
मेले का मुख्य उद्देश्य कम समय में अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच बनाना तथा उन्हें विद्यालय में प्रवेश के लिए मानसिक, शैक्षिक और सामाजिक रूप से तैयार करना था। इस दौरान बच्चों को खेल-खेल में सीखने की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्कूल के वातावरण से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मकता, सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए कई रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को रंगों, अक्षरों, संख्याओं तथा अन्य बुनियादी शैक्षणिक अवधारणाओं से परिचित कराया, जिससे वे विद्यालयी शिक्षा के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है तथा स्कूल में उनके प्रवेश और अनुकूलन की प्रक्रिया आसान बनती है।
खेलखेल में स्कूल की तैयारी सीख रहे नौनिहाल लोअर बसाल में लगा समर रेडीनेस मेला
