लुधियाना, 23 जनवरी 2026- पंजाब राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (PSCST) ने पंजाब सरकार के सहयोग से गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज़ यूनिवर्सिटी (GADVASU), लुधियाना में SHE कोहोर्ट 4.0 का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम वेटी एंड लाइवस्टॉक इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन (VLIIF) के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज ऑफ एनिमल बायोटेक्नोलॉजी के डीन एवं VLIIF के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. आर. एस. सेठी ने बताया कि SHE (स्टार्टअप हैंडहोल्डिंग एंड एम्पावरमेंट फॉर वूमन एंटरप्रेन्योर्स) PSCST की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य इच्छुक और मौजूदा महिला उद्यमियों को संरचित मार्गदर्शन, मेंटरशिप, फंडिंग तथा इनक्यूबेशन सहायता के माध्यम से सशक्त बनाना है। उन्होंने DST–NIDHI फ्रेमवर्क के तहत VLIIF की उपलब्धियों और पशुपालन, डेयरी एवं संबद्ध क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी आधारित स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
SHE 4.0 का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने PSCST के कार्यकारी निदेशक इंजीनियर प्रीतपाल सिंह, संयुक्त निदेशक डॉ. दपिंदर बख्शी, VLIIF प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. आर. एस. सेठी, निदेशक एक्सटेंशन एजुकेशन डॉ. आर. एस. गरेवाल, रजिस्ट्रार डॉ. सुरेश शर्मा, डीन पीजीएस डॉ. एस. के. उप्पल, कंट्रोलर डॉ. वी. के. दुमका, कॉलेज ऑफ फिशरीज की डीन डॉ. मीरा डी. अंसल, निदेशक एचआरएम डॉ. वरिंदर उप्पल सहित वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षाविदों, महिला नवप्रवर्तकों और छात्रों की उपस्थिति में किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका उद्यमी सोच विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पशुधन क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की पहचान कर शोध, मेंटरशिप और उद्योग से जुड़ाव के माध्यम से व्यावहारिक एवं स्केलेबल समाधान विकसित करने पर जोर दिया।
PSCST के ईडी इंजीनियर प्रीतपाल सिंह ने स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध राज्य स्तरीय सहायता योजनाओं की जानकारी साझा की और इनसे लाभान्वित उद्यमियों के उदाहरण प्रस्तुत किए। वहीं, संयुक्त निदेशक डॉ. दपिंदर बख्शी ने स्टार्टअप्स के लिए मौजूद अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए बताया कि SHE योजना के लिए आवेदन खुले हैं और इच्छुक स्टार्टअप्स फरवरी के पहले सप्ताह तक PSCST की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कॉलेज ऑफ फिशरीज की डीन डॉ. मीरा डी. अंसल ने सभी क्षेत्रों में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान शिबानंद दास, डायरेक्टर MBCIE एवं सीईओ, लुधियाना एंजेल्स नेटवर्क ने महिला उद्यमिता पर विशेष सत्र में स्टार्टअप स्केलिंग और निवेश तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यशाला में VLIIF से इनक्यूबेटेड सफल स्टार्टअप्स की प्रेरक कहानियां भी साझा की गईं, जिनमें पूजा शर्मा, सह-संस्थापक, एग्रीस्टार एनिमल सॉल्यूशंस प्रा. लि. और अदिति द्विवेदी, संस्थापक, नप्पड़ सॉल्यूशंस प्रा. लि. एवं SHE की ब्रांड एंबेसडर शामिल रहीं।
कार्यक्रम में वेटरनरी यूनिवर्सिटी के विभिन्न कॉलेजों के छात्रों के साथ-साथ आसपास के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में डॉ. वरिंदर उप्पल, निदेशक एचआरएम ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा, जिसके बाद प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी स्टॉल्स का अवलोकन किया।