हरियाणा/ हिसार:- उत्तर भारत के आठ राज्यों की महिला साइकिलिस्ट अस्मिता महिला साइकलिंग लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। यह प्रतियोगिता 10 व 11 जनवरी को शाहाबाद (कुरुक्षेत्र) में आयोजित की जाएगी।
हरियाणा राज्य साइकलिंग संघ के महासचिव नीरज तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता खेल मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) तथा भारतीय साइकलिंग महासंघ के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर एवं चंडीगढ़ से महिला साइकिलिस्ट भाग लेने के लिए शाहाबाद पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और यह आयोजन एक नए एवं आकर्षक स्वरूप में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में सब जूनियर एवं जूनियर वर्ग की महिला साइकिलिस्टों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली साइकिलिस्टों को पदक एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
नीरज तंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल ₹1,38,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह लीग महिला साइकिलिंग को प्रोत्साहित करने तथा युवा प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उत्तर भारत के आठ राज्यों की महिला साइकिलिस्ट दिखाएंगी अस्मिता साइकलिंग लीग में अपनी प्रतिभा
