करनाल, 10 सितंबर:- जिला पुलिस करनाल द्वारा चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना असंध पुलिस ने घर में केयरटेकर के रूप में कार्य करते हुए अलमारी से नकदी व सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में महिला आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण बरामदगी की है।
गिरफ्तार महिला आरोपी की पहचान पूजा पत्नी रविन्द्र, निवासी गांव मर्दानधेरी, असंध, जिला करनाल के रूप में हुई है।
मामले में अनुसंधान अधिकारी मुख्य सिपाही प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता अमरीक सिंह असंध ने थाना असंध में शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी की सिर की सर्जरी हुई थी और वह बोलने-सुनने में असमर्थ थी। उसकी देखभाल के लिए आरोपी महिला को केयरटेकर के रूप में घर पर रखा गया था। दिनांक 10 अगस्त 2026 को परिवार के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने अलमारी की चाबी निकालकर उसमें रखे सोने के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली।
शिकायत के आधार पर थाना असंध में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
थाना असंध प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में मुख्य सिपाही प्रमोद कुमार की टीम द्वारा महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से 6 लाख 2 हजार रुपये की नकदी, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, चांदी के दो ब्रेसलेट तथा एक सोने का लॉकेट बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ। रिमांड अवधि समाप्त होने पर आज आरोपी महिला को पुनः माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले में आगामी जांच जारी है।
केयरटेकर बनकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली महिला आरोपी गिरफ्तार लाखों की नकदी व आभूषण बरामद
