हांसी:– अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर आयुक्त लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में नगर परिषद हांसी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर परिषद की टीमों ने वार्ड नंबर 4, 13, 15, 22 एवं 23 में व्यापक सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों ने वार्डों की गलियों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा नालियों की गहन सफाई की। सड़कों पर फैले कूड़े-कचरे को उठाया गया, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों से गाद व अवरोध हटाए गए तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों के आसपास फैली गंदगी को भी हटाकर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया।
एडीसी एवं नगर आयुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यदि सभी नागरिक अपने घरों और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, तो हांसी को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष सफाई अभियान निरंतर जारी रखा जाए और शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर परिषद अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे खुले स्थानों पर कूड़ा न फेंकें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर हांसी के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
विशेष सफाई अभियान से वार्डों में बढ़ी स्वच्छता की रफ्तार स्वच्छ व सुंदर हांसी बनाने की दिशा में नगर परिषद का लगातार प्रयास
